भोपाल, 31 जुलाई, 2026: सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेकर प्रदेश में मूंग एवं उड़द खरीदी, सहकारी बैंकिंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री जन-कल्याण योजना तथा ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन मिशन मोड में करते हुए किसानों और सहकारी संस्थाओं को अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए।
सभी अधिकारी व्यवस्थाएं बनाने में जुट जाइए: विश्वास सारंग
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश है कि, मूंग एवं उड़द खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध रहें तथा उड़द खरीदी के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
गोदाम की समस्या कैसे सॉल्व करेंगे?
मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर गोदामों की कमी है अथवा उपलब्ध गोदाम पूर्ण क्षमता से भर चुके हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता होने पर अंतर-जिला गोदामों का उपयोग कर भंडारण किया जाए, जिससे किसानों की उपज का समय पर उठाव सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि श्री विश्वास सारंग, मंत्रियों की उस विशेष समिति में शामिल थे, जिसे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने, आंदोलन कर रहे मूंग किसानों से बातचीत के लिए गठित किया था। बैठक में प्रमुख सचिव सहकारिता श्री डी.पी. आहूजा, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के प्रबंध संचालक श्री अभिजीत अग्रवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

.webp)