भोपाल, 9 जून 2026: सामान्य तौर पर यदि कोई व्यक्ति नियम के विरुद्ध काम करवाना चाहे तो रिश्वत की मांग की जाती है परंतु मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में नियम के अनुसार काम करने के बदले भी रिश्वत की मांग की जा रही है। वह भी तब जब स्कूल शिक्षा के कर्मचारियों को सातवां वेतनमान के तहत भरपूर वेतन मिल रहा है।
School Education Clerk in Ratlam Caught Taking Bribe, Action Taken on Retired Teacher’s Complaint
मामला रतलाम जिले के जावरा का है। उज्जैन लोकायुक्त द्वारा कार्रवाई की गई और गिरफ्तार किए गए क्लर्क का नाम अनिल वर्मा सहायक ग्रेड 2, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी, जावरा संकुल केंद्र है। लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण लोट निवासी विश्रामगृह के पीछे, जावरा में रहते है। वह सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक है। जो शासकीय उमावि हाटपिपल्या ब्लॉक जावरा में पदस्थ थे। 31 मई को रिटायरमेंट हुआ था। सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र पीपीओ जारी करने को लेकर 20 हजार रुपए की रिश्वत बाबू द्वारा मांगी गई थी। जबकि यह उनकी ड्यूटी है और इसी काम के लिए उनको सातवां वेतनमान के तहत वेतन भी मिलता है।
अनिल वर्मा सहायक ग्रेड 2, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी जावरा संकुल गिरफ्तार
शिकायत के सत्यापन के दौरान 10 हजार रुपए रिश्वत के बदले नियम के अनुसार काम करने के लिए तैयार हुए। शिकायत के सत्यापन की प्रक्रिया में लोकायुक्त द्वारा वॉइस सैंपल रिकार्ड किया। लोकायुक्त ने आरोपी अनिल वर्मा सहायक ग्रेड 2, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी, जावरा संकुल केंद्र के खिलाफ के भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत, कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर, संदीप कदम शामिल है।
उज्जैन लोकायुक्त का हेल्पलाइन नंबर
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने कहा कि कोई भी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी किसी शासकीय कार्य को लेकर रिश्वत मांगता है तो लोकायुक्त उज्जैन एसपी के मोबाईल नंबर 9425103975 पर अथवा शासकीय नंबर 0734-2512756 पर सूचना दी जा सकती है।

.webp)