गुना का नया रेलवे स्टेशन ऐसा दिखाई देगा, Photo देखिए

Updesh Awasthee
भोपाल, 1 जून 2026:
भारतीय रेल द्वारा देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के उद्देश्य से संचालित अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भोपाल मंडल का गुना रेलवे स्टेशन तेजी से विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

गुना स्टेशन, जो कि एनएसजी-4 श्रेणी का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, पर लगभग 34.80 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं उन्नयन कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद स्टेशन की आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार होगा तथा यात्रियों को अधिक सुविधा एवं सुगमता प्राप्त होगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत गुना स्टेशन पर किए जा रहे प्रमुख कार्यों में सर्कुलेटिंग एरिया का विकास एवं सौंदर्यीकरण, बीना छोर पर प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 का चौड़ीकरण, 4 एस्कलेटर, 2 मौजूदा लिफ्ट के अतिरिक्त 1 लिफ्ट, प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 एवं 2 पर चौड़े कवर ओवर शेड का निर्माण तथा दोनों प्लेटफॉर्मों की सतह में सुधार शामिल हैं। स्टेशन परिसर में दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं का विस्तार करते हुए रैंप, दिव्यांग संकेतक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्टेशन भवन के अग्रभाग को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। स्टेशन के आंतरिक भाग, प्रतीक्षालयों एवं यात्री सुविधाओं का उन्नयन किया जा रहा है तथा शौचालयों का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है। 

परियोजना से यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त एवं सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध होगा तथा स्टेशन परिसर में भीड़ का बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना है। गुना स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।

भोपाल मंडल द्वारा परियोजना की नियमित निगरानी की जा रही है तथा कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्य पूर्ण होने पर गुना स्टेशन आधुनिक रेलवे अवसंरचना का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!