भोपाल, 25 जून 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, बीना और इटारसी से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए गुड न्यूज़ है। यदि वह कानपुर उत्तर प्रदेश, नागपुर महाराष्ट्र, विश्व प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर और मदुरै मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं तो उनके पास विकल्प के तौर पर एक स्पेशल ट्रेन भी जुड़ गई है। हालांकि यह ट्रेन भोपाल से नहीं बनेगी लेकिन भोपाल से गुजरेगी, मतलब कंफर्म रिजर्वेशन मिलने की संभावना है।
रेलवे प्रशासन द्वारा कानपुर सेंट्रल एवं मदुरै के मध्य विशेष रेलगाड़ी संख्या 01925/01926 का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। इस विशेष रेलसेवा के संचालन से उत्तर भारत के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगर कानपुर तथा दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिर नगरी मदुरै के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। मध्य प्रदेश में पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के बीना, भोपाल एवं इटारसी स्टेशनों के यात्रियों को भी इस विशेष रेलगाड़ी का लाभ मिलेगा।
गाड़ी संख्या 01925 कानपुर सेंट्रल–मदुरै विशेष गाड़ी
यह गाड़ी प्रत्येक बुधवार को 01 जुलाई 2026 से 29 जुलाई 2026 तक कुल 05 फेरों के लिए कानपुर सेंट्रल से प्रातः 08:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी बीना (15:40 बजे), भोपाल (17:20 बजे) एवं इटारसी (19:25 बजे) ठहराव लेते हुए मदुरै पहुँचेगी।
गाड़ी संख्या 01926 मदुरै–कानपुर सेंट्रल विशेष गाड़ी
यह गाड़ी प्रत्येक शनिवार को 04 जुलाई 2026 से 01 अगस्त 2026 तक कुल 05 फेरों के लिए मदुरै से प्रस्थान करेगी। वापसी दिशा में यह गाड़ी इटारसी (15:05 बजे), भोपाल (17:05 बजे), बीना (20:25 बजे) एवं ललितपुर (21:13 बजे) ठहराव लेते हुए कानपुर सेंट्रल पहुँचेगी।
ठहराव स्टेशन- पोखरायन, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, चंद्रपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, रामगुंडम, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, तेनाली, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेणिगुंटा, कटपडी, जोलारपेट्टई, सेलम, नमक्कल, करूर, डिंडीगुल।
गाड़ी की संरचना
इस विशेष गाड़ी में कुल 22 कोच रहेंगे, जिनमें एसएलआरडी – 01, एसएलआर – 01, सामान्य श्रेणी – 04, शयनयान (स्लीपर) – 08, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (3AC) – 07, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (2AC) – 01 शामिल होंगें।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारणी एवं आरक्षण स्थिति की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, रेल मदद अथवा एनटीईएस के माध्यम से प्राप्त कर लें।

.webp)