भोपाल, 20 मई 2026: दुनिया भर के करोड़ों लोगों का श्रद्धा केंद्र उज्जैन के बाबा महाकाल, सत्ताधारी नेताओं के भ्रष्टाचार का शिकार हो गए। EOW एवं लोकायुक्त को शिकायत मिली है कि, भाजपा के विधायक श्री चिंतामणि मालवीय ने सरकारी डाक्यूमेंट्स में मंदिर की पार्किंग को खेत दर्ज करवाया और फिर उसको खरीद लिया। विधायक महोदय यहां पर एक फाइव स्टार होटल बना रहे हैं।
जमीन खरीदने के लिए कंपनी बनाई थी?
स्थानीय पार्षद एवं कांग्रेस पार्टी के नेता और उज्जैन नगर निगम में विपक्ष के उप नेता श्री राजेंद्र कुवाल ने डिटेल डॉक्यूमेंट के साथ EOW और लोकायुक्त को शिकायत भेजी है। यह शिकायत मध्य प्रदेश शासन के मुख्य सचिव को भी भेजी गई है। शिकायत में बताया गया है कि श्री चिंतामणि मालवीय आलोट विधानसभा से विधायक हैं और यूटोपिया होटल एंड रिसोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर भी है। इसका रजिस्टर्ड ऐड्रेस 2, SHRIKRISHAN CITY, CENTAR MUNJ MARG, Ujjain M.L.Nagar, Ujjain, Ujjain, Madhya Pradesh, India, 456010 है। इस कंपनी में Chintamani Malviya के साथ Iqbal Singh Gandhi डायरेक्टर है। यह कंपनी 3 फरवरी 2026 को स्थापित की गई। सवाल तो बनता है कि क्या इस जमीन को खरीदने के लिए ही कंपनी बनाई गई थी?
45000 स्क्वायर फीट जमीन का मामला
शिकायत में बताया गया है कि, महाकाल मंदिर का पार्किंग एरिया जो नगर निगम के अंतर्गत सरकारी संपत्ति है, के डॉक्यूमेंट में गड़बड़ी करके उसे निजी भूमि बनाया गया और खेती की जमीन भी बताया गया। इसके बाद विधायक की कंपनी द्वारा खरीद लिया गया। खेती की जमीन इसलिए बताया गया ताकि टैक्स चोरी की जा सके। इसके अलावा एक मैरिज गार्डन, शादी हॉल और लॉन को टीन शेड बताया, ताकि टैक्स चोरी की जा सके। शिकायत के अनुसार यह लगभग 45000 स्क्वायर फीट जमीन का मामला है।
शिकायतों के बाद भी सरकार चुप है: मध्य प्रदेश कांग्रेस
इंदौर हाई कोर्ट में इस मामले के संबंध में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले की जानकारी प्रधानमंत्री के ऑफिस को देते हुए बताया है कि, सिंहस्थ आने वाला है, उज्जैन के महाकालेश्वर में रोज लाखों श्रद्धालु आते हैं। मगर आपके नेताओं की गिद्ध दृष्टि से यहां जमीनें खुर्द बुर्द हो रही है। पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक चिंतामणि मालवीय ने पार्किंग की सरकारी जमीन खरीद ली।शिकायतों के बावजूद सरकार चुप है। जमीनों को कब्जाकर अपना स्वार्थ साधने की भाजपा नेताओं की मानसिकता कितनी जमीनों को लील जाएगी।
आरोपी विधायक ने आरोप का खंडन नहीं किया
इस मामले में आरोपी विधायक श्री चिंतामणि मालवीय का बयान भी सामने आया है। उनका कहना है कि सरकारी डाक्यूमेंट्स में जो दर्ज था उसी के आधार पर रजिस्ट्री करवाई गई है। पूरी प्रक्रिया कानूनी तरीके से हुई है। उनके विरुद्ध जो आरोप लगाए गए हैं वह झूठ और द्वेषपूर्ण है। मजे की बात यह है कि मामला सरकारी डाक्यूमेंट्स में गड़बड़ी का है और विधायक महोदय रजिस्ट्री के नियम बता रहे हैं। इस प्रकार उन्होंने पब्लिक को भ्रमित करने की कोशिश की है लेकिन अपने ऊपर लगे हुए आरोप (पद का दुरुपयोग और सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी) का खंडन नहीं किया है।

.webp)