भोपाल, 6 अप्रैल 2026: यह एक ऐसी घटना है जिसमें क्या सामान चोरी हुआ इससे ज्यादा बड़ी खबर यह है कि, भोपाल के सबसे पावरफुल विधायक और मंत्री का घर भी सुरक्षित नहीं है। चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि कहीं भी चोरी कर सकते हैं।
प्राथमिक सूचना आई है कि, राजधानी भोपाल में खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास में चोरी हुई है। स्टोर रूम के ताले टूटे हुए मिले हैं। क्या कुछ चोरी गया, बताया नहीं जा रहा है। मीडिया के सवालों से बचने के लिए सिर्फ इतना बताया गया है कि मंत्री जी को मिले मेडल और प्रशस्ति पत्र चोरी हो गए हैं। हालांकि जिस तरह की हलचल है और मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जिस तरह से इन्वेस्टिगेशन शुरू की है, एक बात तो बड़े स्पष्ट तौर पर कहीं जा सकती है कि, केवल मेडल और प्रशस्ति पत्र चोरी नहीं हुए हैं। यदि सिर्फ इतनी सामग्री चोरी होती तो मामला भी दर्ज नहीं करवाया जाता है। पुलिस वैसे ही चोर को पकड़ कर ले आती। बात कुछ गंभीर है और इतनी गंभीर के मामला दर्ज करना पड़ा।
टीटीनगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि तीन अप्रैल की सुबह ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने स्टोर रूम का टूटा ताला देखा। दो अप्रैल की रात को सुरक्षाकर्मी ने ताला लगाया था, जिससे घटना दो-तीन अप्रैल की बीच होना प्रतीत हो रही है। स्टोर रूम में मंत्री को विभिन्न कार्यक्रमों में मिले सम्मान, शाल और ट्राफियां रखी थीं। स्टोर रूम में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना के दौरान बंगले में ही मौजूद थे मंत्री सारंग
घटना के दौरान मंत्री विश्वास सारंग अपने सरकारी आवास में ही मौजूद थे। उनके स्टाफ ने बताया कि दो अप्रैल की रात मंत्री सारंग अपने बंगले में थे। सुबह जब सुरक्षाकर्मी ने देखा तो अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद निज सहायक वरुण सक्सेना ने चोरी के मामले की शिकायत की।

.webp)