बालाघाट में डंडा बैंक का संचालक गिरफ्तार, अंजली ट्रेवल्स और मॉम्स किचन के खिलाफ FIR

Updesh Awasthee
बालाघाट, 15 मार्च 2026 :
डंडा बैंक यानी सूदखोर, जो आरबीआई की परमिशन के बिना लोगों को मनमाने ब्याज पर लोन देते हैं और वसूली में पूरी प्रॉपर्टी हड़प लेते हैं। बालाघाट पुलिस ने ऐसे ही एक डंडा बैंक संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला मैनरोड स्थित एक जर्जर मकान से संबंधित है, जिसके मालिक रमन गौतम हैं। इस मकान में राजा कुकरेचा अंजली ट्रेवल्स और धीरज जोतवानी मॉम्स किचन का संचालन करते हैं। मकान मालिक रमन गौतम मकान को तोड़ना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने दोनों दुकानदारों से दुकानें खाली करने को कहा था। रमन गौतम के अनुसार, दुकान खाली करने के एवज में धीरज जोतवानी 50 लाख रुपए और राजा कुकरेचा 42 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। इसके बाद रमन गौतम ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार

थाना प्रभारी कामेश धूमकेती ने बताया कि रमन गौतम की शिकायत पर अंजली ट्रेवल्स के संचालक राजकुमार उर्फ राजा कुकरेचा को मकान और दुकानों को अपने नाम रजिस्ट्री कराने के लिए जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मॉम्स किचन के संचालक धीरज जोतवानी से भी पूछताछ की जा रही है।

पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

जांच में सामने आया है कि आरोपी राजा कुकरेचा लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसे देकर कोरे स्टाम्प और चेक पर हस्ताक्षर कराता था, फिर उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जमीन-मकान हड़पने, ब्लैकमेल करने और विवाद खड़ा करने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, दस्तावेजों में कूट रचना, मारपीट और रेप जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 5 अपराध पहले से दर्ज हैं।

वर्ष 2024-25 के दौरान विभिन्न पुलिस कार्यालयों में उसके विरुद्ध 12 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में भूमि कब्जा, सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग, चेक का दुरुपयोग और झूठे दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने जैसे आरोप शामिल हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!