रायसेन, 17 फरवरी 2026: बड़ी अजीब तरह की घटना हुई है और इस घटना का हर मोड़ अपने आप में सवाल पैदा करता है। डिप्टी रेंजर ने मजदूर को काम से निकाल दिया था। इसके 5 साल बाद मजदूर ने डिप्टी नरेंद्र को गोली मार दी और फरार हो गया। जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो उसकी डेड बॉडी जंगल में एक पेड़ पर लटकी हुई थी।
हत्या करने के इरादे से देसी पिस्तौल लेकर आया था
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पूरन उर्फ गुड्डा लोधी दोपहर के समय नर्सरी पहुंचा। उसने सबसे पहले डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा के पैर छुए और उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान ही उसने अपनी पुरानी नाराजगी जाहिर की और अचानक कमर से देसी कट्टा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने एक के बाद एक 5 राउंड फायर किए।
जैसे ही पूरन ने फायर किया, डिप्टी रेंजर जान बचाकर भागे, उनकी पीठ में गोली लगी, घायल होकर गिर गए। पूरन ने उनका टारगेट करके एक और गोली मारी लेकिन वह नजदीक काम कर रही महिला कर्मचारी सुमन बाई की पीठ में लगी और शरीर के आर पार हो गई। तभी घर के अंदर मौजूद घरेलू कामकाज करने वाला कर्मचारी डालचंद बाहर निकल आया। उसने पूरन सिंह पर पथराव शुरू कर दिया। पूरन सिंह ने डालचंद को टारगेट करके फायर किया लेकिन डालचंद भागते समय जमीन पर गिर गया, जिससे गोली उसके ऊपर से निकल गई और उसकी जान बाल-बाल बच गई।
बदले की आग और आरोपी का अंत
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पूरन करीब 5 साल पहले इसी नर्सरी में मजदूरी करता था, लेकिन ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण उसे काम से हटा दिया गया था। इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग के बाद फरार हुए पूरन का शव कुछ देर बाद जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस का मानना है कि उसने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या कर ली है।
नहीं मिली एंबुलेंस वारदात के बाद घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ से डिप्टी रेंजर शर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिला अस्पताल में अधिकारियों के फोन करने के बावजूद कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके बाद घायल अधिकारी को निजी एंबुलेंस से भोपाल ले जाना पड़ा।
पुलिस की कार्रवाई एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि पुलिस ने मौका मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पूरन वनखेड़ी गांव का ही निवासी था। फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।

.webp)
