भोपाल, 5 दिसंबर 2025: भोपाल नगर निगम में हजारों कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर आने वाली है। लंबे समय से दैनिक वेतन भोगी यानी डेली वेजर्स और विनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण का मामला अब रफ्तार पकड़ने लगा है। निगम में करीब 12 हजार से ज्यादा दैवेभो कर्मचारी और 1215 विनियमित कर्मचारी हैं, जिनका भविष्य जल्द ही तय हो सकता है।
प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है
निगम अधिकारियों ने इसका प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है और इसे 30 दिसंबर को होने वाली परिषद बैठक में रखा जाएगा। अगर परिषद से यह प्रस्ताव पास हो जाता है, तो फिर इसे राज्य शासन की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उसके बाद नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
यह मामला कई सालों से लटका हुआ था। बहुत से दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी तो 10-15 साल से 29 दिन की अस्थायी व्यवस्था में काम कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें परमानेंट स्टाफ का दर्जा नहीं मिला। अब कर्मचारियों में उम्मीद जागी है कि लंबा इंतजार आखिरकार खत्म होने वाला है।
महापौर मालती राय ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि इस मुद्दे को बैठक में लाया जाएगा। परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भी कन्फर्म किया है कि अगली मीटिंग में नियमितीकरण और विनियमितीकरण का प्रस्ताव जरूर आएगा।
अगर यह प्रस्ताव पास हो गया तो भोपाल नगर निगम के हजारों कर्मचारियों को स्थायी नौकरी, पेंशन और अन्य सुविधाओं का फायदा मिलेगा। कर्मचारी संघ भी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे।
इसके अलावा हाल ही में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भी राज्य के कई विभागों में लंबे समय से काम कर रहे दैनिक वेतन भोगी और वर्कचार्ज कर्मचारियों के नियमितीकरण पर सख्त रुख दिखाया है और कई मामलों में सरकार को निर्देश दिए हैं। इसी बैकग्राउंड में नगर निगम का यह कदम और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उम्मीद है कि नए साल से पहले कर्मचारियों को बड़ी राहत मिल जाएगी।
.webp)