भोपाल, 17 नवम्बर 2025: भारतीय जनता पार्टी ने सागर जिले की एक महिला नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष और उनके पति को इसलिए पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया क्योंकि उन्होंने प्रदेश महामंत्री के स्वागत बैनर में प्रदेश अध्यक्ष का फोटो नहीं लगाया था। इसके बाद उनकी पुरानी फाइल खोली गई और पार्टी से बाहर निकाल दिया।
नेहा अलकेश जैन का पहला अपराध: नजरअंदाज
सागर की देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा जैन और उनके पति अलकेश जैन को भारतीय जनता पार्टी ने 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। रविवार को जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा ने निष्कासन आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव 2023 में आप और आपके पति द्वारा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी बृजबिहारी पटेरिया का खुला विरोध किया गया। जिसका जवाब सही नहीं दिया गया जो कि प्रमाणित करता है कि आरोप सत्य है और आपने जो प्रचार कांग्रेस का किया है उसका प्रमाण फोटो सहित संगठन के पास है। आपके द्वारा अपने निर्वाचन के बाद पीआईसी का गठन किया गया। जिसमें बार-बार कांग्रेस पार्षद त्रिवेंद्र जाट को लिया गया। भाजपा के 13 पार्षद होने के बाद भी कांग्रेस पार्षद को पीआईसी में शामिल किया जाना आपकी अनुशासनहीनता है।
नेहा अलकेश जैन का दूसरा अपराध: नजरअंदाज
आपके जवाब में कहा गया कि पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने 25 मार्च 2023 को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है जो कि तथ्यहीन है। क्योंकि त्रिवेंद्र जाट सभी भाजपा विरोधी कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय रहे हैं जो कि आज तक जारी है। जिसके प्रमाण स्वरूप इनके सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रमाणित है।
इससे प्रतीत होता है कि आपने संगठन को गुमराह करने का प्रयास किया है और आपने झूठ बोला है कि त्रिवेंद्र जाट ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्ष यादव के साथ पार्षद त्रिवेंद्र जाट धरना प्रदर्शन से लेकर भाजपा के विरोध में हर समय काम करते हैं जो कि सोशल मीडिया अकाउंट व समाचार पत्रों में दी गई फोटो समेत अन्य जानकारी से प्रमाण के रूप में संगठन के पास है।
नेहा अलकेश जैन का तीसरा सबसे गंभीर अपराध: सजा सुनाई
इसके साथ ही आदेश में लिखा गया है कि प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े के स्वागत में प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय विधायक और जिला अध्यक्ष की फोटो फ्लेक्स में नहीं लगाई गई जो आपकी निरकुंश कार्य प्रणाली को प्रदर्शित करती है। अत: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा जैन और अलकेश जैन को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
.webp)