ALIRAJPUR पुतला विवाद: कांग्रेस ने BJP पर किया पलटवार, FIR दर्ज करने की मांग

Updesh Awasthee
राजेश जयंत, ALIRAJPUR
: मध्य प्रदेश के पश्चिम सीमांत जनजातीय बहुल आलीराजपुर जिले में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप और सत्ता की टकराहट तेज हो गई है। शुक्रवार को कांग्रेस के किसान आंदोलन के बाद राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है।

किसान आंदोलनकारी पर FIR

शुक्रवार को आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में सोंडवा में किसान आंदोलन आयोजित हुआ। किसान और स्थानीय समस्याओं को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की सांकेतिक शव यात्रा निकाली गई, पुतला जलाया गया। अलीराजपुर में भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पुतला फुंका। जिस पर शाम भाजपा नेताओं ने पुलिस थाना सोंडवा और अलीराजपुर में शिकायत की। तर्क दिया कि कांग्रेस ने कलेक्टर के 7 अगस्त के प्रतिबंधात्मक आदेश और नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 का उल्लंघन किया।

शिकायत पर सोंडवा और अलीराजपुर पुलिस ने  धारा 223 बी.एस.एन. के तहत महेश पटेल समेत दो दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। 

कांग्रेस का BJP पर पलटवार

प्रदर्शन पर FIR के बाद कांग्रेस ने शनिवार को कोतवाली में BJP के कई नेताओं के खिलाफ आवेदन दिया। आरोप लगाया गया कि BJP जिलाध्यक्ष संतोष मकू परवाल, सांसद अनिता चौहान, महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता समेत अन्य ने 29 अगस्त को राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के पुतले का दहन किया। इससे उनकी भावनाएं आहत हुई है। महेश पटेल ने कहा कि कांग्रेस ने जब ऐसा प्रदर्शन किया तो उन पर FIR हुई। कानून सभी के लिए एक जैसा है, BJP के प्रदर्शनकारी पुतला दहन करने वाले नेता कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई हो, अन्यथा आंदोलन तेज करेंगे।

राजनीतिक तनाव और हालात

दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है, जिससे झाबुआ जिले समेत आसपास के इलाके की राजनीति तनावपूर्ण हो गई है।

अलीराजपुर में भाजपा-कांग्रेस के बीच की यह तनातनी केवल पुतले जलाने भर की नहीं, बल्कि राजनीतिक दबदबे और सत्ता की लड़ाई का प्रतीक है। 

कांग्रेसियों पर FIR के बाद  माहौल  गरमाया हुआ है। बता दे की हाल ही में यहां के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास तबादला हुआ है। रवि-सोम को नवागत एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया कार्यभार ग्रहण करेंगे। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो संभव है इनका विवाद और गहरा हो। यह देखना रोचक होगा कि प्रशासन और राजनीतिक दल मिलकर इस तनाव को कैसे नियंत्रित करते हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!