पानी का रंग ट्रांसपेरेंट होता है जब तक की उसमें कोई मिलावट न कर दी जाए। शरीर से पसीना निकले या लार उसका भी रंग ट्रांसपेरेंट होता है। सवाल यह है कि फिर गाय का दूध सफेद क्यों होता है और भैंस का दूध गाय के दूध से ज्यादा सफेद क्यों होता है? चलिए किसी विशेषज्ञ से पूछते हैं और आज विश्व दुग्ध दिवस है इसलिए दूध के बारे में और भी कई सारे सवालों के जवाब पूछ लेते हैं।
प्रश्न 1: गाय का दूध सफेद क्यों दिखाई देता है?
उत्तर: दूध में केसिन और व्हेय नामक दो मुख्य प्रोटीन होते हैं। केसिन कैल्शियम और फॉस्फेट के साथ मिलकर मिसेल्स बनाता है। जब प्रकाश इन मिसेल्स से टकराता है तो वह फैल जाता है जिससे दूध सफेद दिखाई देता है। इसके अलावा, दूध में फैट ग्लोब्यूल्स भी प्रकाश के प्रकीर्णन में सहायक होते हैं।
प्रश्न 2: भैंस का दूध गाय के दूध से ज्यादा सफेद क्यों होता है?
उत्तर: भैंस के दूध में वसा (फैट) की मात्रा ज्यादा होती है। दूध जितना अधिक वसा युक्त होता है, उसका रंग उतना ही अधिक सफेद और गाढ़ा होता है। इसी कारण भैंस का दूध गाय के दूध से ज्यादा सफेद होता है।
प्रश्न 3: गाय के दूध में हल्का पीलापन क्यों होता है?
उत्तर: गाय के दूध में फैट और केसिन की मात्रा भैंस के मुकाबले कम होती है। इसके साथ ही गाय के दूध में कैरोटीन नामक वर्णक ज्यादा होता है जो हल्का पीला रंग देता है, जबकि कैसिन सफेदी लाता है। अतः गाय का दूध हल्का पीला दिखाई देता है।
प्रश्न 4: दूध में कौन-कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं?
उत्तर: दूध में कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक, फास्फोरस, आयोडीन, आयरन, पोटैशियम, फोलेट्स, विटामिन A, D, B12, राइबोफ्लेविन और प्रोटीन आदि पाए जाते हैं।
प्रश्न 5: दूध में कोलेस्ट्रॉल की कितनी मात्रा होती है?
उत्तर: स्किम्ड मिल्क (वसा रहित दूध) में कोलेस्ट्रॉल 2-5 मि.ग्रा. प्रति 100 मि.ली. होता है, जबकि फुल क्रीम दूध में 10-15 मि.ग्रा. प्रति 100 मि.ली.। एक स्वस्थ व्यक्ति प्रतिदिन 300 मि.ग्रा. कोलेस्ट्रॉल ले सकता है, इसलिए दूध पीने से हृदयघात की संभावना नगण्य होती है।
प्रश्न 6: डेयरी क्या है और इसका दूध से क्या संबंध है?
उत्तर: डेयरी एक ऐसा उद्योग है जो दूध के संग्रह, प्रसंस्करण और वितरण का कार्य करता है। दूध को सुरक्षित और ताजा बनाए रखने की जिम्मेदारी डेयरी की होती है। यह दूध की "शेल्फ लाइफ" को बढ़ाने का कार्य करती है।
प्रश्न 7: डेयरी उत्पाद और डेयरी उप-उत्पाद में क्या अंतर है?
उत्तर: डेयरी उत्पाद वे हैं जिनमें दूध प्राथमिक घटक होता है जैसे दूध, दही, पनीर, आइसक्रीम। जबकि डेयरी उप-उत्पाद वे होते हैं जो दूध के प्रसंस्करण से प्राप्त होते हैं, जैसे व्हेय, छाछ, स्किम मिल्क, घी के अवशेष आदि।
प्रश्न 8: भारत की प्रमुख ब्रांडेड डेयरियाँ कौन-कौन सी हैं?
उत्तर: भारत में प्रमुख ब्रांडेड डेयरियाँ हैं – अमूल, पारस, ज्ञान, नमस्ते इंडिया, सुधा आदि। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोकल सर्टिफाइड डेयरियाँ भी कार्यरत हैं।
प्रश्न 9: विश्व दुग्ध दिवस कब मनाया जाता है और वर्ष 2025 में इसकी क्या विशेषता है?
उत्तर: विश्व दुग्ध दिवस हर वर्ष 1 जून को मनाया जाता है। वर्ष 2025 में इसकी 25वीं वर्षगाँठ मनाई जा रही है। इसका थीम है – "आइए डेयरी की शक्ति का जश्न मनाएं।"
प्रश्न 10: भारत में डेयरी उद्योग के विस्तार के लिए कौन-कौन सी संस्थाएं और योजनाएं कार्यरत हैं?
उत्तर: भारत में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) डेयरी विकास के लिए कार्यरत है। इसके संस्थापक डॉ. वर्गीस कुरियन हैं जिन्हें श्वेत क्रांति का जनक कहा जाता है। भारत सरकार की "डेयरी उद्यमिता विकास योजना (DEDS)", उत्तर प्रदेश की "कामधेनु डेयरी योजना", "नंदिनी कृषक समृद्धि योजना" और "नंद बाबा डेयरी मिशन" जैसी योजनाएं डेयरी उद्योग को बढ़ावा देती हैं।
प्रश्न 11: डेयरी उद्योग को आत्मनिर्भरता से कैसे जोड़ा जा सकता है?
उत्तर: डेयरी उद्योग ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार प्रदान करता है। यह किसानों को आत्मनिर्भर बनाता है और आर्थिक मजबूती देता है। आत्मनिर्भरता स्वतन्त्रता का सूचक है और डेयरी उद्योग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रश्न 12: क्या भारत दूध उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर है?
उत्तर: हाँ, भारत विश्व में सबसे अधिक दूध उत्पादन करने वाला देश है और देश की जनसंख्या की खपत के अनुसार दूध उत्पादन करने में भी सक्षम है।
विषय के विशेषज्ञ: डॉ. शंकर सुवन सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, फ़ूड एंड डेयरी इंजीनियरिंग विभाग, सैम हिग्गिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ़ एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज, नैनी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) हैं।