PRANJAL HOSPITAL वाले डॉक्टर, बाबा के जाल में फंस गए, 65 लाख का चूना लगा - BHOPAL NEWS

जरा सोचिए, यदि कोई डॉक्टर बाबाओं के कर्मकांड पर विश्वास करता है और जीवन की समस्याओं का समाधान भारत में प्रतिबंधित कर्मकांड क्रियाओं के माध्यम से तलाशने की कोशिश करता है तो क्या यह कहा जा सकता है कि उसे अपने मेडिकल साइंस पर पूरा विश्वास है और वह कॉन्फिडेंस के साथ इलाज करता होगा। मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन में स्थित प्रांजल हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर हरिराम पिप्पल का है। अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बाबा की तलाश में गए थे। ऐसे जाल में फंसे कि उसने जो कहा वह करते चले गए। होश तो तब आया जब बाबा फरार हो गया। अब तक डॉक्टर साहब को 65 लाख का चूना लग चुका था। 

डर का फायदा उठाया जैसे कुछ डॉक्टर उठाते हैं

डॉक्टर का नाम हरिराम पिप्पल, उनकी पत्नी का नाम श्रीमती मीरा पिप्पल है। मकान नंबर 110 ओल्ड अशोका गार्डन में रहते हैं। उनका एक बड़ा प्यारा सा बेटा है। पिछले दिनों बैक-टू-बैक उसके तीन एक्सीडेंट हो गए। महाराज हो या मजदूर, बच्चे सब की कमजोरी होते हैं। आने वाले एक्सीडेंट को रोकने डॉक्टर साहब के हाथ में नहीं था। उन्हें अपने बच्चों की जान के लिए डर सताने लगा। वह किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश करने लगे जो आने वाले खतरों को टाल सके। 35 साल के अब्दुल सोहेल से उनकी मुलाकात हुई। वह डॉक्टर के डर को समझ गया और जैसे कई डॉक्टर मरीज के परिजनों के डर का फायदा उठाते हैं। बिल्कुल वैसे ही बाबा अब्दुल सोहेल ने डॉक्टर हरिराम पिप्पल के डर का फायदा उठाने की साजिश रची। 

बच्चों को जान का खतरा बात कर 65 लाख हड़प लिए

जैसे डॉक्टर मरीज को जान का खतरा बताते हैं। बिल्कुल वैसे ही बाबा ने डॉक्टर के बच्चे को जान का खतरा बताया। डॉक्टर साहब और डर गए। आने वाले एक्सीडेंट से अपने बच्चों को बचाने के लिए बाबा जो कहता गया, डॉक्टर साहब और उनकी पत्नी वह सब कुछ करते चले गए। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बाबा ने डॉक्टर के पास से 31 लाख रुपए और 51 तोला सोना ले लिया। बाबा का टारगेट पूरा हो गया था, और बाबा अपने चेले के साथ फरार हो गया। बाबा को उम्मीद थी कि डॉक्टर अपनी प्रतिष्ठा के कारण पुलिस के पास नहीं जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 65 लाख रुपये एक बड़ी रकम होती है। जब डॉक्टर साहब को होश आया तो समझ में आया कि उनके साथ ठगी हो गई है। उन्होंने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया। 

बाबा अब्दुल सोहेल अपना भविष्य नहीं देख पाया

लोगों का भविष्य देखने और बदलने का दावा करने वाला बाबा अब्दुल सोहेल अपना भविष्य नहीं देख पाया। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब बाबा के साथ पुलिस अपनी क्रियाएं कर रही है। अब तक 33 तोला सोना जप्त किया जा चुका है। बाबा का असिस्टेंट फराज खान अब तक पुलिस से छुपने में सफल रहा है। पुलिस का कहना है जल्दी ही बाबा के साथी को भी बाबा के पास ले आएंगे। 

विनम्र अनुरोध 🙏कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। भोपाल के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Bhopal पर क्लिक करें।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !