हॉस्टल में जाते ही लड़की की तबीयत बिगड़ी, हार्ट अटैक और मौत - MACRO VISION BURHANPUR MP NEWS

पीजी कॉलेज झाबुआ में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लोहार ब्राम्हणे की 17 वर्षीय बेटी यशस्वी ब्राम्हणे एक प्रतिभाशाली छात्र थी। पूरी तरह से स्वस्थ थी। डॉक्टर बनना चाहती थी। पिता ने MACRO VISION ACADEMY BURHANPUR में एडमिशन करवा दिया, लेकिन हॉस्टल में जाते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पूरा एक महीना भी नहीं बीता, उसको दो बार हार्ट अटैक आया और उसकी मृत्यु हो गई। 

पहले कहा बुखार है फिर कहते हैं इमरजेंसी है

जानकारी के मुताबिक, पीजी कॉलेज झाबुआ में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लोहार ब्राम्हणे की 17 वर्षीय बेटी यशस्वी ब्राम्हणे का 28 मार्च 2024 को मेक्रो विजन एकेडमी, बुरहानपुर में एडमिशन हुआ था। पिता ने बताया कि, वह डॉक्टर बनना चाहती थी। हम उसे तैयारी के लिए छोड़कर गए थे। कल शाम 5 बजे उससे बात हुई तो उसने कहा बुखार है वार्डन के साथ जा रही हूं। डॉक्टर से बात हुई तो कहा कि आपकी बच्ची का बीपी लो हो रहा एंजियोग्राफी कराना पड़ेगी। हमने कहा अच्छे से इलाज कराओ। बाद में प्रबंधन ने कहा आप जल्दी आ जाओ आपकी बच्ची की तबीयत बिगड़ रही है। 

स्कूल वालों ने आखिरी समय तक नहीं बताया

पिता ने कहा कि स्कूल की तरफ से इससे पहले हमें कभी नहीं बताया कि आपकी बच्ची की तबीयत ज्यादा खराब है। स्कूल नहीं जा रही, होस्टल में रह रही है। हॉस्टल वार्डन और स्कूल संचालक ने सही जानकारी नहीं दी। या तो डॉक्टर ने हाई डोज दे दिया है। इसलिए ही हम पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए। एडमिशन के समय प्रबंधन ने कहा था अगर आपका बच्चा बीमार होगा तो बुलाएंगे, लेकिन कभी भी स्कूल संचालक ने फोन नहीं लगाया। आखिरी समय तक बोलते रहे कि आपकी बच्ची बहुत अच्छी है। आपको आने की जरूरत नहीं है।

हजार कैमरे लगे हैं, सब रिकॉर्ड होता है, स्कूल संचालक ने कहा

एकेडमी संचालक आनंद प्रकाश चौकसे ने कहा-एक महीने पहले एक बच्ची ने 11वीं कक्षा में एडमिशन लिया था। कल शाम 4 बजे कहा कि सीने में दर्द हो रहा है। ईसीजी करने के बाद पता चला सीवियर अटैक है। उनके फैमिली डॉक्टर को बताया था कि ऐसा-ऐसा हो रहा है। उनसे वाट्सएप पर इजाजत ली। एंजियोग्राफी में कुछ नहीं निकला। आईसीयू में जाते समय सीवियर अटैक आया। 4 घंटे तक डॉक्टरों ने मेहनत की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। हमने पुलिस को पहले ही खबर कर दी थी। हमारे यहां हर चीज रिकॉर्ड होती है। हॉस्टल से कब निकली। स्कूल में कब आई। पैरेंट्स से कितनी बात की। हजार कैमरे लगे हैं। हर चीज की रिकार्डिंग हो रही है। लापरवाही नहीं है, लेकिन घटना दुखद है।

टीआई बोले-मामला जांच में
ललबाग थाना टीआई अमित सिंह जादौन ने कहा मेक्रो विजन एकेडमी में कल एक छात्रा की मौत हुई उसका पोस्टमार्टम आज कराया गया। रिपोर्ट आ जाए इसके बाद पता चलेगा। अभी कुछ पता नहीं है। परिजन से भी अभी चर्चा नहीं हुई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत
ऑल इज वेल अस्पताल के डॉ. गगन के अनुसार छात्रा को दो, चार दिन से फीवर था। ईसीजी में हार्ट अटैक था जो नॉर्मली बच्चों को इस उम्र में नहीं आता। हार्ट की पंपिंग कम थी। पैरेंट्स को इसकी सूचना दी। उनके डॉक्टर को सूचना दी। उसे कॉर्डियक अरेस्ट हुआ। बीपी कम हुआ। तब हमने सीपीआर शुरू किया। धीरे-धीरे पेशेंट का बीपी बहुत कम होता रहा। बड़ी मशक्कत की। उम्मीद की कि ठीक हो जाए।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !