MP NEWS- रीवा में हिंसा, चक्का जाम, लाठी चार्ज, दो इंस्पेक्टर सहित 10 पुलिस कर्मचारी घायल

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश के रीवा में हिंसा भड़क गई है। सिविल लाइन इलाके में एक मजदूर को चाकू मारे जाने की घटना के बाद चक्का जाम कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर हमले किए गए। समाचार लेकर जाने तक 50 से ज्यादा नागरिक एवं 2 पुलिस इंस्पेक्टर सहित 10 पुलिस कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी मिली है। 

घटना का विवरण जैसा पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया

बुधवार सुबह सिविल लाइन थाना इलाके में मजदूर पर हमला हुआ। घटना से नाराज मजदूर के साथियों ने शहर के ढेकहा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। यहां खड़ी एक कार भी जला दी। सिविल लाइन थाने की पुलिस ने चक्का जाम खोलने के लिए कहा। दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर मजदूरों को तितर-बितर किया। इसी बीच कुछ मजदूरों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। लाठी से भी हमला किया। झड़प में समान थाने के टीआई जेपी पटेल, कोतवाली टीआई रूपलाल उईके समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। कुछ मजदूरों के भी चोटिल होने की सूचना है। 

मेडिकल स्टोर के गार्ड ने मजदूर की हत्या कर दी

शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई थी कि मजदूर की हत्या कर दी गई है। इस वजह से बवाल की स्थिति बनी है। बताया जा रहा है कि ढेकहा चौराहे पर आस्था मेडिकल स्टोर है। यहां मजदूर खड़े होते हैं। मेडिकल स्टोर के गार्ड ने मजदूरों को हटने के लिए कहा, तभी यह हमला हुआ है। मजदूरों ने मेडिकल स्टोर पर भी पथराव किया है। लोगों का कहना है कि मजदूर पर चाकू से हमला हुआ है। 

चाकू नहीं चाबी का छल्ला मारा था: ADGP

ADGP केपी वेंकटेश्वर राव ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड ने मजदूर को चाबी के छल्ले से मारा होगा। रीवा SP विवेक सिंह ने बताया कि ढेकहा चौराहे पर हर सुबह मजदूर जमा होते हैं। आज भी यहां 250 से 300 मजदूर थे। उनका सिक्योरिटी गार्ड के साथ विवाद हुआ। इसके बाद मजदूरों की संख्या बढ़कर 400 से 500 हो गई। उन्होंने पथराव किया। दुकान को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। कार जला दी। पुलिस के साथ भी मारपीट की। स्थिति अब कंट्रोल में है। CCTV फुटेज और VIDEO रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करेंगे। 

 पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार पढ़ने के लिए कृपया यहां क्लिक कीजिए। ✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें  ✔ यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें। ✔ यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!