BHOPAL NEWS - भाजपा उम्मीदवार ध्रुव नारायण सिंह पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

Bhopal Samachar
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री ध्रुव नारायण सिंह पर चुनाव आचार संहिता की उल्लंघन का आरोप लगा है। भोपाल के प्रतिष्ठित पत्रकार श्री देवकरण ने दावा किया है कि वार्ड क्रमांक 51 में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में उनकी पत्नी श्रीमती वंदना सिंह ने उनके लिए वोट मांगे। भाजपा प्रत्याशी के प्रेस अधिकारी ने इस कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की बैठक बताया है। 

भोपाल में धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील

पत्रकार श्री देवकरण की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड-51 में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सोमवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाजपा प्रत्याशी ध्रुव नारायण सिंह की पत्नी वंदना सिंह पहुंची। उन्होंने यहां आयोजित भजन कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया और समापन के बाद महिलाओं को फलहारी प्रसादी का वितरण भी किया। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन वंदना सिंह महिलाओं द्वारा आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में शामिल हुई और सभी को पर्व की बधाई शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के समापन के बाद उन्होंने महिलाओं से क्षेत्र के प्रत्याशी सिंह के पक्ष में वोट करने की अपील की। उनके साथ भाजपा जिला मंत्री शक्ति दुबे,भाजपा महिला मोर्चा पूर्व जिला महामंत्री सविता यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष शैला गोड़, ममता चौहान सहित बाबा नगर की महिलाएं मौजूद रहीं। 

ना शिकायत, ना सफाई, ना नोटिस

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में भाजपा उम्मीदवार श्री ध्रुव नारायण सिंह के खिलाफ चुनाव आयोग में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गई थी। निर्वाचन आयोग द्वारा इस मामले को स्वत: संज्ञान में नहीं लिया गया था और भाजपा उम्मीदवार श्री ध्रुव नारायण सिंह द्वारा भी इस मामले में कोई स्पष्टीकरण अथवा बयान जारी नहीं किया गया। 

धार्मिक आयोजन नहीं महिला मोर्चा की बैठक थी 

श्री ध्रुव नारायण सिंह के प्रेस प्रभारी एवं भारतीय जनता पार्टी अरेरा मंडल के उपाध्यक्ष श्री देवकरण द्वारा भोपाल समाचार को प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार, मध्य विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-51 में में महिला मोर्चा की महिलाओं की बैठक संपन्न हुई थी। बैठक में मुख्यरूप से भाजपा मध्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी श्री ध्रुव नारायण सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती वंदना सिंह,भाजपा मंत्री श्रीमती शक्ति दुबे,भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला महामंत्री श्रीमती सविता यादव,पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती शैला गोड,ममता चौहान,सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्तागण उपस्थित रही। 

अर्थात, जिस कार्यक्रम को धार्मिक आयोजन बताया जा रहा है, भाजपा प्रत्याशी की ओर से उसे कार्यक्रम को महिला मोर्चा की बैठक बताया गया है।

 पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार पढ़ने के लिए कृपया यहां क्लिक कीजिए। ✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें  ✔ यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें। ✔ यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!