BHOPAL NEWS- कर्मचारी के मरणोपरांत उसके बेटे से रिश्वत वसूल रहा अधिकारी गिरफ्तार

Updesh Awasthee
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्थापना प्रभारी जीके पिल्लई को गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त का दावा है कि उन्होंने पिल्लई को उस समय गिरफ्तार किया जब वह एक महिला कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके बेटे से 40000 रुपए रिश्वत की वसूली कर रहा था। 

भोपाल के जवाहर चौक निवासी सिद्धार्थ सक्सेना ने लोकायुक्त पुलिस को शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मां नीना सक्सेना कार्यालय कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कोलार रोड भोपाल में ट्रेसर के पद पर पदस्थ थीं। उनका जून में निधन हो गया है। मां ने सर्विस रिकॉर्ड में सिद्धार्थ को ही नॉमिनी बनाया था। जब सिद्धार्थ ने मां के जीपीएफ और अन्य लाभों के भुगतान के लिए आवेदन किया, तो स्थापना प्रभारी जीके पिल्लई ने भुगतान के बदले 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। 

लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई प्राइमरी इन्वेस्टिगेशन में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने पिल्लई को ट्रैप करने का प्लान बनाया। शिकायतकर्ता सिद्धार्थ को केमिकल युक्त नोट दिए गए। पिल्लई ने रिश्वत के लेनदेन के लिए एमपी नगर के मिलन रेस्टोरेंट में बुलाया। जैसे ही सिद्धार्थ ने पिल्लई को पैसे दिए लोकायुक्त पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!