जबलपुर। महिला डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। महिला डॉक्टर ने बताया कि जब वह नहाने के लिए बाथरूम जाती तो उनका पति बाहर से गेट लॉक करके लाइट बंद कर देता था। घंटों तक उसे बाथरूम में कैद रखा जाता था।
डॉक्टर अनिल की कुंडली में दोष था, ससुर ने शादी के समय बात छुपाई थी
महिला थाना प्रभारी शबाना परवेज ने बताया कि बिलहरी में मां के साथ रह रही महिला डॉक्टर ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी शादी 6 मई 2017 को हुई थी। महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उसके पति की कुंडली में दोष था, पर उसके ससुर ने इस बात की जानकारी छिपा कर शादी कराई। इसकी जानकारी उसे शादी के बाद हुई। इस पर उसकी मां ने नाराजगी भी जाहिर की थी।
परीक्षा से 1 दिन पहले फोन पर अभद्रता करके डिस्टर्ब किया
शादी के समय उसकी पढ़ाई चल रही थी। MS की पढ़ाई पूरी करने वह इंदौर चली गई। वहां से जून 2018 के अंतिम सप्ताह में परीक्षा के एक दिन पहले पति ने फोन कर अभद्रता की। इंदौर से वह ससुराल लौटी तो उसके साथ नौकरों जैसा व्यवहार किया गया।
मायके की प्रॉपर्टी में हिस्सा और लग्जरी कार मांग रहे थे
सास और पति ने विवाद करते हुए उसका गला दबाकर मारने का प्रयास किया। सास ने उसे सीढ़ियों से धक्का भी देने का प्रयास किया था। आरोपी उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लेने और महंगी कार लाने का दबाव डालते थे। इसे लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
पूरा परिवार मिलकर प्रताड़ित करता था
महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उसका पति मानसिक तौर पर परेशान करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाता रहता था। वह जब भी बाथरूम में जाती थी, पति बाहर से दरवाजा और लाइट बंद कर देता था। वह घंटों अंदर बंद रहती थी। काफी शोर मचाने पर ही दरवाजा खोलता था। ससुर, सास और देवर भी उसी का साथ देते थे।
मायके में आकर भी प्रताड़ित करने लगे, इसलिए FIR दर्ज करवाई
23 नवंबर 2019 को उसके पति ने मारपीट की। परेशान होकर वह मां के साथ बिलहरी में फ्लैट लेकर रहने लगी। यहां भी पति सहित ससुराल वाले आकर परेशान करने लगे। महिला डॉक्टर ने बताया कि सोमवार को भी पति और ससुराल पक्ष के लोग आए थे और उन्होंने प्रताड़ित किया जिसके बाद मैंने महिला थाने में पति सहित चारों के खिलाफ मारपीट दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया।
