जबलपुर। जबलपुर में दो और लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों नए मरीज पहले से संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं। अब जबलपुर में कोरोनावायरस से संक्रमिताें की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। सराफा व्यापारी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद 23 मार्च को दोनों को आइसोलेशन में सुखसागर मेडिकल कॉलेज में रखा गया था। गुरुवार को दोनों का सैम्पल लिया गया था।
राज्य सरकार की ओर से 12125 लोगों की सूची जारी की गई है, जो 15 फरवरी के बाद विदेश से लौटे हैं। जिनमें से जबलपुर शहर में आने वाले लोगों की संख्या 725 है। अब तक सिविल लाइंस निवासी मरीज को छोड़कर सभी पॉजिटिव पाए गए लोग सराफा व्यवसायी से ही संबंधित हैं। प्रशासन ने सराफा व्यापारी की दुकान के सीसीटीवी कैमरों में देखकर पाया था कि साढ़े चार सौ से अधिक लोग उनके संपर्क में आए हैं, पर अभी इनमें से केवल उन्हीं के टेस्ट कराए गए हैं, जो उनके कर्मचारी थे और जिनमें लक्षण पाए गए।
इनसे कहा गया है कि जिन लोगों में संक्रमण की संभावना हो सकती, उन्हें होम क्वारैंटाइन में रहना है। इन लोगों को सामुदायिक प्रयास से प्रोटोकाॅल का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आम लोगों से कहा गया है कि यदि किसी क्वारैंटाइन द्वारा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जाता है, तो इसकी सूचना जिला कंट्रोल रूम अथवा हेल्पलाइन नंबर 104 पर दे सकते हैं।
भोपाल समाचार: मोबाइल एप डाउनलोड करने के लिए कृपया यहां क्लिक करें Click Here