भाजपा ने पूरे इंदौर में जेपी नड्डा के अवैध बैनर-पोस्टर लगाए, 13.46 लाख का जुर्माना | INDORE NEWS

NEWS ROOM
इंदौर। इंदौर शहर में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के कारण शहर की स्वच्छता पर दाग लगा। नगर निगम ने इस बार भाजपा पर जुर्माना ठोक दिया है। भाजपा के नेताओं ने कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत में शहर भर की सड़कों पर अवैध बैनर पोस्टर लगा दिए थे। नगर निगम ने भाजपा पर 13.46 लाख रुपए का जुर्माना ठोका है।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का दौरा कार्यक्रम था। नड्डा के स्वागत में बड़ी रैली निकाली गई थी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में पूरे शहर में बैनर और पोस्टर लगाए थे। उनका स्वागत मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित प्रदेश भाजपा के ज्यादातर विधायक और नेता इंदौर पहुंच गए थे।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह स्वागत रैली के बाद उज्जैन चले गए थे, लेकिन रैली मार्ग पर बगैर अनुमति लगे झंडे, पोस्टर और बैनर ने देश के सबसे स्वच्छ शहर को बदरंग कर दिया। 

इसके बाद नगर निगम इंदौर ने सख्त रुख अपनाते हुए भाजपा के शहर अध्यक्ष को 13 लाख 46 हजार रुपए की वसूली का नोटिस दे दिया। बताया जा रहा है कि इस नोटिस में 12 लाख 21 हजार 300 रुपए का जुर्माना है, जबकि एक लाख 15 हजार रुपए झंडे, बैनर और पोस्टर को हटाने पर निगम का खर्च है। इसे भी निगम ने जुर्माने के साथ जोड़कर नोटिस भेजा है।

गौरतलब है कि नगर निगम इंदौर पर भी भाजपा का ही कब्जा है और इंदौर की महापौर भी भाजपा की मालिनी गौड़ हैं। ऐसे में खुद की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के लिए नोटिस पर अब भाजपा में ही सवाल खड़े हो गए हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!