आजक्स कर्मचारियों के मान-सम्मान में कमी नहीं आने दी जायेगी: राजस्व एवं परिवहन मंत्री | MP NEWS

ग्वालियर। राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार द्वारा अजाक्स के अधिकारी एवं कर्मचारियों का पूरा मान एवं सम्मान रखा जायेगा। इसमें कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। इन वर्गों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं को भी तत्परता के साथ निराकरण की कार्रवाई की जायेगी। 

राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत अजाक्स प्रतिनिधियों के संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजाक्स के जिला अध्यक्ष मुकेश मौर्य ने की। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह जाटव, कांग्रेस नेता आशीष प्रताप सिंह राठौर, राजीव सिंह भदौरिया, पुरविंदर सिंह, जोगेन्दर सिंह बग्गा मंचासीन थे। 

राजस्व मंत्री श्री राजपूत ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में सीधा संवाद करते हुए कहा कि सरकार ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अधिकारी एवं कर्मचारिययों के मान एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में उनके मान एवं सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी। श्री राजपूत ने कहा कि संवाद के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारियों की जो समस्यायें प्राप्त हुई हैं उन्हें मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों के मंत्रियों के संज्ञान में लाकर निराकरण की कार्रवाई कराई जायेगी। 

श्री राजपूत ने अपने उदबोधन में कहा कि ग्वालियर जिले में अजाक्स के अध्यक्ष मुकेश चौधरी द्वारा इन वर्गों के अधिकारी एवं कर्मचारियों के हितों के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं वह सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार अजाक्स कार्यालय का प्रांगण कई जिलों में देखने को नहीं मिलता है। श्री राजपूत ने कहा कि भविष्य में राज्य स्तरीय अजाक्स का कार्यक्रम भी इस प्रांगण में आयोजित किया जाए। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि अजाक्स के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। श्री राजपूत ने अपने उदबोधन में कहा कि आज अजाक्स जिस पड़ाव पर है, उसमें भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी एम एम दाहिमा का भी विशेष योगदान रहा है। 

कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अर्जुन जाटव ने अपने उदबोधन में कहा कि अजाक्स की आधारशिला पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा रखी गई। आज अजाक्स अनुसूचित जाति, जनजाति वर्गों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री द्वारा प्रदेश में ऐतिहासिक निर्णय लेकर महाविद्यालय की छात्राओं को नि:शुल्क पिंक ड्रायविंग लायसेंस बनाकर प्रदाय किए जा रहे हैं। 

कार्यक्रम में अजाक्स के जिला अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने स्वागत भाषण देते हुए अजाक्स द्वारा जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर अजाक्स द्वारा अतिथियों को शॉल-श्रीफल से सम्मान कर स्मृति चिन्ह प्रदाय किया गया। राजस्व मंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बौद्ध एवं संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. पुष्पा सिंह ने किया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी अपनी बात रखते हुए विभागीय समस्याओं से भी अवगत कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अजाक्स के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !