हनुवंतिया जल महोत्सव का आयोजन दिसंबर में होगा। MP NEWS

इंदौर। इस वर्ष हनुवंतिया (Hanuwantia) में पर्यटन विकास निगम (Tourism development corporation) एक बार फिर जल महोत्सव (Water Festival ) का आयोजन करने जा रहा है। नई सरकार इसे करवा रही है। पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगी थी, इस कारण जल महोत्सव नहीं हो पाया था। आगामी 20 दिसंबर से 20 जनवरी एक माह के लिए जल महोत्सव आयोजित होगा। यहां पर्यटन विकास निगम 100 टेंट की सिटी बनवा रहा है, जहां पर्यटकों को ठहराया जा सकेगा।

हनुवंतिया को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) गोवा (Goa) की तर्ज पर विकसित करना चाहते थे। पूर्व में हुई इन्वेस्टर्स मीट में इसके लिए लैंड बैंक रखी और कई कंपनियों से अनुबंध किया गया। कुछ कंपनी ने एमओयू तक साइन कर दिए, लेकिन प्रोजेक्ट को धरातल पर नहीं ला पाए। इसके बाद सरकार ने खुद ही इसे विकसित करने की योजना बनाई और काम शुरू किया।

यहां होने वाले जल महोत्सव में वॉटर स्पोट्र्स में 15 से अधिक अलग-अलग तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगीं। इसके साथ ही एरो स्पोट्र्स में भी एयर क्राफ्टिंग सहित अन्य गतिविधियां होंगी। पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके गुप्ता का कहना है कि इस बार भी जल महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। अभी से पर्यटकों की रूचि इसमें दिख रही है। इसकी जानकारी के लिए पर्यटक क्षेत्रिय कार्यालयों पर संपर्क कर रहे हैं। यहां पर्यटकों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा।

यहां पर्यटन विकास निगम ने वॉटर स्पोर्टस एक्टिविटी के साथ रेस्टॉरेंट, काफ्रेंस हॉल और पर्यटकों के ठहरने के लिए 10 स्थाई कॉटेज तक बना रखे हैं। करीब तीन साल पहले केरल की तर्ज पर यहां पर्यटन विकास निगम ने दो हाउस वोट भी शुरू किए, लेकिन ये सिर्फ जल महोत्सव के दौरान ही चालू रहते हैं। कारण है कि इंदौर से करीब 160 किलोमीटर की दूरी होने पर पर्यटक यहां कम ही जा पा रहे हैं। लेकिन जल महोत्सव में यहां प्रदेश के बाहर से भी पर्यटक पहुंचते हैं। इस बार भी पर्यटन विकास निगम ने टेंट लगाने के लिए एक निजी कंपनी को ठेका दिया है। जिसने अब तक इसके शुल्क तय नहीं किए हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !