पुलिस अधिकारी के बेटे ने बैंक लूटा था: पूरी गैंग गिरफ्तार | GWAlIOR BANK ROBBERY

ग्वालियर। पुलिस ने स्टेट बैंक के अंदर घुसकर गैस एजेंसी के मुनीम से 4.5 लाख रुपए लूटने वालों को पकड़ लिया है। दीपावली (रविवार) की सुबह लूट गिरोह का मुख्य शार्प शूटर नवीन शर्मा से बड़ागांव बिजौली रोड पर पुलिस का आमना-सामना हो गया। शूटर ने पुलिस पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायर किए, जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। 

इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का मास्टर माइंड पुलिस सब इंस्पेक्टर का बेटा धर्मेन्द्र जाट निकला। वह प्रॉपर्टी की आड़ में रैकी कर वारदात को अंजाम देता था। गिरोह से शहर की 5 बड़ी लूट का राजफाश हुआ है, जिनमें करीब 49 लाख रुपए लूटे गए थे। मथुरा-जलौन यूपी, ग्वालियर एमपी में गैंग सक्रिय थी।

एसपी ग्वालियर नवनीत भसीन ने बताया 23 अक्टूबर सुबह पीताम्बरा गैस एजेंसी के मुनीम वासुदेव शर्मा को बैंक के अंदर घुसकर गोली मारकर कैश लूट की घटना के बाद तत्काल डीएसपी क्राइम रत्नेश तोमर व टीआई कोतवाली डीपी गुप्ता के नेतृत्व में टीमें बनाकर काम शुरू किया। लूट के स्पॉट से कुछ दूरी और हर फुटेज में बाइक सवार बदमाशों के आगे स्कॉर्पियों (एमपी07 सीई-2185) दिखाई दी। स्कॉर्पियों से पुलिस गुढ़ा-गुढी का नाका निवासी धर्मेन्द्र जाट (35) तक पहंुची। धर्मेन्द्र का पिता वीपी जाट शिवपुरी पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। धर्मेन्द्र से जालौन निवासी नवीन शर्मा (25) पुत्र राजेन्द्र शर्मा हाल सिंधिया नगर विश्वविद्यालय का नाम सामने आया। यह गिरोह का मुख्य शार्प शूटर है।

दीपावली की सुबह इसके बड़ागांव से होते हुए जालौन भागने की सूचना पुलिस को मिली। टीमों ने बड़ागांव के आगे बिजौली रोड पर इसे घेर लिया। पुलिस को सामने देखते ही बदमाश ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दी। पहले से अलर्ट पुलिस जवानों ने फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस जवानों ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल जेएएच लेकर आए। इसके बाद 6 सदस्यीय गैंग के 5 बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है।

यह पकड़े गए

पुलिस ने धर्मेन्द्र जाट (35) पुत्र वीपी जाट निवासी गुढ़ा गुढ़ी का नाका, नवीन शर्मा (25) निवासी जालौन यूपी, हाल निवास सिंधिया नगर, नवाब गुर्जर (32) निवासी नागौर बिलौआ, आकाश जाट (23) पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी गांव ऊंचा सादावाद मथुरा, तपेश कुमार गौतम उर्फ टीटू पंडित (25) पुत्र श्यामबाबू निवासी तमोली धर्मशाला के पास वृंदावन मथुरा को पुलिस ने पकड़ा है। गिरोह का साथी राज बाल्मीकि अभी भी फरार है।

49 लाख की 5 लूट खुलीं, माल भी बरामद

- 23 अक्टूबर 2019 को सिटी सेंटर स्टेट बैंक में घुसकर मुनीम वासुदेव को गोली मारकर 4.5 लाख की लूट खुली। 1.16 लाख बरामद।
- 6 जुलाई 2019 को कैश कलेक्शन वैन के गार्ड रमेश सिंह की हत्या कर बंदूक, 8.28 लाख लाख लूटे। बंदूक बरामद।
- 30 अप्रैल 2019 को मोतीमहल से कैश निकालकर जा रहे व्यापारी मनोज मंगल को कोतवाली शताब्दी कॉम्प्लेक्स के सामने पिस्टल अड़ाकर 4 लाख लूटे।
- 7 मई 2018 को सिटी सेंटर में टोल कंपनी के कर्मचारी को सिंडीकेट बैंक के सामने गोली मारकर 24.20 लाख की लूट। पुलिस जवानों ने एक बदमाश को पकड़ा तो उसे भी छुड़ाकर ले गए।
- पड़ाव में वर्ष 2014 में 8.5 लाख की लूट का खुलासा।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !