INDORE की सफाईकर्मी महिलाएं कुछ इस तरह की साड़ी में नजर आएंगी

उदय प्रताप सिंह/इंदौर। नगर निगम में काम करने वाली महिला सफाईकर्मी जल्द ही नीले रंग की साड़ी में नहीं दिखाई देंगी। नगर निगम अब इन्हें एयर होस्टेस जैसी गेरुए रंग की साड़ी देगा जिस पर पीले रंग का पट्टा रहेगा। उल्लेखनीय है कि निगम ने जब से महिला कर्मचारियों को नीली साड़ी दी थी, तभी से उसके रंग और गुणवत्ता को बेहतर करने की कर्मचारी संगठन मांग कर रहे थे। गुरुवार को अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह के समक्ष निगम के कर्मचारी संगठनों के पुरुष एवं महिला कर्मचारियों ने साड़ी के रंग को फाइनल किया। शुक्रवार को नगर निगम द्वारा महिला कर्मचारियों की साड़ी खरीदी के लिए टेंडर जारी करने की उम्मीद है।

चार साल में तीन रंग बदल गए

करीब चार साल पहले पूर्व निगमायुक्त मनीष सिंह ने निगम के कर्मचारियों व कामगारों के लिए वर्दी का प्रावधान किया था। इसके पहले निगम के पुरुष कर्मचारियों को खाकी वर्दी पहनने को मिलती थी। महिला कर्मचारियों को सफेद रंग की लाल व नीले रंग की बिंदी वाली साड़ी पहनने को दी जाती थी।

इस कवायद के पीछे का दर्द : 

इस सारी कवायद के पीछे सफाई कर्मचारियों का एक दर्द भी छिपा है। महिला सफाई कर्मियों की नीली रंग की साड़ी देखकर मैजिक और वैन वाले कई बार नहीं बिठाते थे। कहीं न कहीं उनके हाव-भाव से आभास आता था कि ये लोग सफाईकर्मी हैं। इसलिए वे सब यात्रियों के साथ नहीं बिठाना चाहते थे। जब सभी निगम महिलाकर्मी एक ही तरह की ड्रेस पहनेंगी तो कोई भेदभाव नहीं करेगा।

खरीदी जाएंगी 5 हजार साड़ियां, पुरुष कर्मचारी की वर्दी नीली होगी

नगर निगम महिला सफाईकर्मियों के लिए 5 हजार नई साड़ियां खरीदेगा। महिला सफाईकर्मियों को ब्लाउज का कपड़ा और उसे सिलवाने के लिए राशि भी दी जाएगी। पुरुष सफाई कर्मियों की वर्दी का रंग पहले की तरह नीला ही रहेगा। उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

एयर होस्टेस जैसी साड़ियां देने की थी मांग

महिला सफाईकर्मियों साड़ी का रंग बदलने पर निगम के सभी कर्मचारी संगठनों के बीच सहमति बन गई। कर्मचारी महासंघ के संयोजक प्रताप करोसिया के अनुसार संगठन ने निगमायुक्त व महापौर से कहा था कि महिला सफाईकर्मियों को वर्दी के रूप में एयर होस्टेस जैसी साड़ियां दी जाएं। जो साड़ी खरीदी जाए, उसे निगम कार्यालय में काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारी भी पहनें, यह सुनिश्चित किया जाए। उसके बाद ही महिला सफाईकर्मी उस साड़ी को पहनेंगी।

जारी होंगे टेंडर

निगम के कर्मचारी संगठनों को महिला सफाईकर्मियों की साड़ी का रंग नीला होने पर आपत्ति थी। इस वजह से अब इस साड़ी का रंग बदला जाएगा। कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने आपसी सहमति से गुरुवार को साड़ी का रंग फाइनल किया। अब जल्द ही साड़ी की खरीदी के लिए टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी। पुरुष कर्मचारियों की वर्दी का रंग वही रहेगा। 
देवेन्द्र सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम, इंदौर
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !