पीएम मोदी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर सवाल पूछने वाली मीडिया से सवाल किया | BHOPAL LOKSABHA CHUNAV

भोपाल। भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के संदर्भ में उठ रहे सवालों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से सवाल किया है। झारखंड की चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर के बारे में सवाल उठाने वाला मीडिया मधु कोड़ा और लालू प्रसाद के बारे में कांग्रेस से सवाल पूछना क्यों भूल जाता है। 

मीडिया को लालू यादव और मधु कोड़ा के बारे में भी सवाल पूछना चाहिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि आये दिन जो मीडिया प्रज्ञा ठाकुर के बारे में छोटे-बड़े सभी भाजपा नेताओं के पीछे डंडा लेकर पड़ जाता है वह आखिर कांग्रेस से जमानत पर घूम रहे उनके नेताओं और चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद तथा कोयला घोटाले में सजायाफ्ता मधु कोड़ा जैसे नेताओं के बारे में क्यों नहीं सवाल पूछता है?’’ मोदी ने कहा कि यह उचित समय है जब मीडिया के लोगों को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से इस बारे में अवश्य सवाल करने चाहिए।

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के दोषी की पत्नी को टिकट दिया है

मालेगांव बम विस्फोट की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर भोपाल से भाजपा की उम्मीदवार हैं। मोदी ने कांग्रेस द्वारा चाईबासा के सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को टिकट दिये जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कांग्रेस को इस बात पर शर्म नहीं आती कि चार हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी एक पूर्व नेता के परिवार वाले को उन्होंने न सिर्फ पार्टी में शामिल किया बल्कि उसे यहां से टिकट भी दे दिया।

भाजपा की सरकारों में भ्रष्टाचार का एक भी आरोपी नहीं

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी के केन्द्र में आने के बाद से उनकी केन्द्र सरकार पर और झारखंड की भी भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के कोई आरोप नहीं लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार झारखंड को भी विकास के रास्ते पर आगे ले जा रही है जबकि कांग्रेस ने एक निर्दलीय विधायक को मुख्यमंत्री बनाकर यहां भ्रष्टाचार की नदियां बहा दी थीं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !