दिग्विजय सिंह का नया प्लान: वार्ड जिताओ टिकट ले जाओ | BHOPAL NEWS

भोपाल। सबसे बड़े हिंदू, कर्मचारियों से माफी और बूथ जिताओ नौकरी पाओ के बाद अब दिग्विजय सिंह ने नए प्लान का ऐलान किया है। दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मांडवी चौहान ने इस प्लान को लांच किया। प्लान का नाम है 'वार्ड जिताओ टिकट ले जाओ'। दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। 

लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर चार इमली क्षेत्र में आयोजित जिला महिला कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मांडवी चौहान ने दिग्विजय सिंह के सामने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस शासन काल में ही गरीबों को जमीनों के पट्टे मिले थे। इस बार लोकसभा चुनाव के बाद नगरीय निकाय चुनाव होंगे। जो महिला कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में अपने वार्ड व बूथ से कांग्रेस को जिताएगी नगरीय निकाय चुनाव में टिकट भी उसी को मिलेगा। बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह, जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। 

सरकार बनी तो लोकसभा-विधानसभा में मिलेगा आरक्षण

कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने कहा कि महिलाओं को पंचायत से लेकर नगरीय निकाय तक आरक्षण कांग्रेस की देन है। राहुल गांधी चाहते हैं कि लोकसभा व विधानसभा में भी महिलाओं को आरक्षण मिले लेकिन भाजपा जैसे महिला विरोध मानसिकता वाले राजनीतिक दल ऐसा होने नहीं देते। इस बार केंद्र में सत्ता परिवर्तन की जिम्मेदारी हमारी-आपकी है। यदि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो यहां भी आपको आरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेसी कार्यकर्ता ही उनके जमानतदार है। विधानसभा चुनावों में कमलनाथ सरकार के वचन पत्र को लेकर महिला कार्यकर्ताओं को घर-घर जाना होगा। इस बार के चुनाव में महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

राघौगढ़ से पहले अब भोपाल की सुनेंगे

जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह पहले राजगढ़-राघौगढ़ की सुनते थे। किसी दूसरी जगह से कोई मिलने जाता था तो उसे लाइन में पीछे कर दिया जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। दिग्विजय सिंह अब भोपाल को प्राथमिकता देंगे। सिर्फ महिलाओं कार्यकर्ताओं के दम पर ही इस लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की जा सकती है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !