पुलवामा हमले के बाद: शाह बोले मंदिर बनाएंगे, मनोज तिवारी ने गाया 'रिंकिया के पापा' | NATIONAL NEWS

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में देश का सबसे बड़ा आत्मघाती आतंकवादी हमला हुआ। हत्यारों ने एक ही हमले में 40 जवानों मार डाला। चारों तरफ लाशें नजर आ रहीं थीं। सारा देश हतप्रभ था। सभी कार्यक्रम रद्द किए गए। लोग गुस्सा और शोक प्रकट कर रहे थे। जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया, अयोध्या में मंदिर जरूर बनेगा। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी प्रयागराज में भजन सुना रहे थे और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल गठबंधन की जुगाड़ मीटिंग में व्यस्त थे। 

अमित शाह ने ट्वीट किया: अयोध्या में मंदिर जरूर बनेगा

आम आदमी पार्टी नेता और सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'शर्म आती है अमित शाह पर देश में 42 जवान शहीद हो गये पाकिस्तान को जवाब देने के बजाय अमित शाह मंदिर निर्माण में जुटे हैं बंद करो ये बकवास और पाकिस्तान को जवाब देने की तैयारी करो.' संजय सिंह ने बीजेपी का ट्वीट शेयर किया है जिसमें बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह कह रहे हैं कि अयोध्या में राम मंदिर जरूर बनेगा। 

फिर पुलवामा पर भी ट्वीट किया

ध्यान रहे कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने हमले की निंदा करते हुए ट्वीट किये हैं. उन्होंने कहा कि भारत के सर्जिकल स्ट्राइक और अपना तरीका सुधारने के लिए कहे जाने के बावजूद पाकिस्तान अपनी गतिविधियां लगातार जारी रखे हुये है। उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। पाकिस्तान के आतंकवादियों ने हमारे सुरक्षा बलों पर हमला किया।

मनोज तिवारी गीत गा रहे थे

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी और अभिनेता रवि किशन पर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल मनोज तिवारी और रविकिशन प्रयागराज (इलाहाबाद) में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि जब देश शोक में डूबा है तो मनोज तिवारी इस तरह के कार्यक्रमों में शिरकत क्यों कर रहे हैं? उन्हें जवानों के परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। मनोज तिवारी ने भोजपुरी सिंगर रवि किशन के साथ न सिर्फ कई गीत और भजन पेश किए बल्कि गीतों के ज़रिए मोदी सरकार की उपलब्धियों का गुणगान करते हुए लोगों से उन्हें एक और मौका दिए जाने की अपील भी की। बीजेपी के स्थानीय नेताओं की मौजूदगी में मनोज तिवारी का यह अंदाज वहां मौजूद कुछ लोगों को काफी अखरा।

पीयूष गोयल गंठबंधन की जुगाड़ में लगे थे

सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री और रक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी के सदस्य पीयूष गोयल से भी सवाल पूछे जा रहे हैं। लोगों का दावा है कि जब हमला हुआ उसके बाद भी पीयूष गोयल लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर बातचीत कर रहे थे। दरअसल, कल पीयूष गोयल चेन्नई में थे और उन्होंने गठबंधन को लेकर एआईएडीएके के नेताओं से शाम में मुलाकात की।

खबर आते ही राहुल, प्रियंका ने सभी कार्यक्रम रद्द किए

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सीआरपीएफ जवानों पर हमले के बाद लखनऊ में होने वाले प्रेस कांफ्रेंस को रद्द कर दिया था। वहीं पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने जी-20 देशों के राजनयिकों के साथ शुक्रवार को प्रस्तावित दोपहर के भोज कार्यक्रम को रद्द कर दिया। पार्टी के विदेश विभाग की ओर से दिल्ली के एक पंचसितारा होटल में यह कार्यक्रम प्रस्तावित था।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !