BJP सांसद नंदकुमार के नाम की धमकी देने वाले ड्राइवर की हत्या | MP NEWS

रीवा। यहां एक विवाद के दौरान भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के नाम की धमकी देने वाले कार ड्राइवर सुनील तिवारी पिता कमलेश तिवारी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुनील तिवारी भाजपा के खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के दामाद का कार चालक था। यहां छुट्टी पर अपने घर आया था तभी एक विवाद के दौरान उसने अपनी ऊंची पहुंच की धमकी दी। पुलिस ने सुनील तिवारी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंनगवा ले गए जहां से उन्हें संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

मृतक के जेब से निकला नंदकुमार सिंह चौहान का कार्ड

बता दें कि सुनील तिवारी पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के दामाद कांति सिंह का निजी कार ड्राइवर था। वो 5 दिन पहले ही काम से छुट्टी लेकर अपने घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। घटना के पीछे पैसे को लेकर हुआ विवाद कारण माना जा रहा है। दरअसल सुनील तिवारी के मित्र नीरज विश्वकर्मा व अरविंद यादव उर्फ सरपंच के बीच पैसे को लेकर विवाद था। सुनील इस विवाद को लेकर मध्यस्थता करने पहुंचा था। सुनील ने दोनों पक्षों को विवाद नहीं करने की समझाइश दी थी। इसी दौरान सुनील ने अपनी ऊंची राजनीतिक पहुंच भी अरविंद यादव को बताई थी। दोनों के बीच काफी विवाद हुआ और फिर बात टल गई। बता दें कि अरविंद यादव देवगांव में कोरेक्स का कारोबार करता है। सुनील की जेब से खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का विजिटिंग कार्ड भी मिला।

बनाया बंधक मार दी गोली

घटना की जानकारी देते हुए टीआई डीआर राज ने बताया कि घटना के समय सुनील तिवारी अपने घर जा रहा था। जैसे ही वो गांव के समीप पहुंचा, उसी समय 3 युवकों ने उसका रास्ता रोककर उसे बंधक बना लिया। जब तक वह बचाव में कुछ कर पाता उसके पहले ही एक युवक ने गोली चला दी। गोली सुनील के पेट से पार हो गई जिसके कारण सुनील की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियोंं के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

इनके नाम आए सामने

पुलिस की मानें तो सुनील हत्याकांड में कुल 3 लोगों का नाम सामने आए हैं। इनमें अरविंद यादव उर्फ सरपंच, सुनील साकेत उर्फ काली एवं राहुल सिंह मंगवा शामिल हैं। बता दें कि उक्त मामले में मंगवा के कोरेक्स का कारोबार करने वाले मिट्ठू कुत्ता का नाम भी सामने आ रहा है।

इनका कहना है

समझाइश देने के विवाद में गोली चली है, जिसमें सुनील नामक व्यक्ति की मौत हो गई। मामला दर्ज कर लिया है। तीन टीमों का गठन कर आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। 
शिव कुमार सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रीवा

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !