भोपाल, 28 नवंबर 2026: केंद्रीय कृषि मंत्री एवं प्रधानमंत्री पद हेतु नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारियों में शामिल श्री शिवराज सिंह चौहान का भोपाल एयरपोर्ट पर अपमान किया गया। उनको सामान्य यात्रियों के साथ लाइन में लगा दिया गया। उनके साथ यात्रा करने वाले साथियों के साथ पूछताछ की गई। उनकी अनुमति और जानकारी के बिना सीट बदल दी गई। बड़ी बात यह है कि, यह सब कुछ भोपाल एयरपोर्ट पर हुआ। अब इस मामले की सभी प्राधिकारियों से शिकायत की गई है।
शिवराज सिंह के एयरपोर्ट पहुंचने की जानकारी सबको थी
विशेष कार्य अधिकारी, कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री भारत सरकार श्री भूपेंद्र सिंह परस्ते द्वारा श्रीकेश लाठकर, निजी सचिव, नागरिक उड्डयन मंत्री, भारत सरकार को भेजी गई शिकायत के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान दिनांक 23 नवंबर 2026 को इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-6259 पर सवार होने के लिए भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे थे। प्रोटोकॉल के अनुसार उनके पहुंचने से पूर्व, उनके आने की जानकारी सीआईएफ, एयरपोर्ट प्रशासन, इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों एवं प्रोटोकॉल स्टाफ को दे दी गई थी। इसके बावजूद जब माननीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे तो:-
- एयरपोर्ट पर ना तो एटीएम श्री सिद्धार्थ यादव थे और ना ही प्रोटोकॉल स्टाफ। जिसके कारण श्री शिवराज सिंह के सिक्योरिटी स्टाफ को उनका लगेज उठाना पड़ा।
- श्री शिवराज सिंह चौहान को यात्रियों से भरे एयरोब्रिज की ओर ले जाया गया। इसका मतलब हुआ कि माननीय मंत्री जी को सामान्य यात्रियों के साथ लाइन में लगा दिया गया। जबकि Z+ सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत, सभी यात्रियों के विमान में सवार हो जाने के बाद, श्री शिवराज सिंह को बोर्डिंग के लिए ले जाना चाहिए था।
- श्री शिवराज सिंह के साथी यात्रियों के साथ भी सिक्योरिटी और बोर्डिंग के दौरान पूछताछ की गई।
भोपाल एयरपोर्ट पर शिवराज सिंह के प्रति पूर्वाग्रह की आशंका
शिकायत में अनुरोध किया गया है कि प्रकरण का संज्ञान लेकर सभी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें। यह जानकारी भी मिली है कि श्री शिवराज सिंह के सिक्योरिटी ऑफिसर श्री हरेंद्र सिंह ठाकुर की रिपोर्ट (जो शिकायत के साथ संलग्न की गई है) में पूर्वाग्रह की आशंका भी जताई गई है। यह उल्लेख करना अनिवार्य है कि पूर्वाग्रह का तात्पर्य होता है - किसी व्यक्ति, समूह, वस्तु या विचार के बारे में तथ्यों या अनुभव की जाँच किए बिना पहले से बना ली गई राय या धारणा। लेकिन इस मामले में पूर्वाग्रह से तात्पर्य यह हो सकता है कि, किसी अधिकारी अथवा अधिकारियों के समूह ने, इसलिए अपनी लीगल ड्यूटी का पालन नहीं किया क्योंकि वह शिवराज सिंह चौहान के प्रति पूर्वाग्रह रखते हैं, उनको पसंद नहीं करते।
Legal knowledge: मेनका गांधी के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ था, जो भारत के इतिहास में दर्ज हो गया
जिस प्रकार का व्यवहार केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भोपाल एयरपोर्ट पर हुआ है। ऐसा ही कुछ मेनका गांधी के साथ भी हुआ था। रिकॉर्ड में यह मामला "मेनका गांधी बनाम भारत संघ (1978)" के नाम से दर्ज है। दिनांक 2 जुलाई 1977 को मेनका गांधी को अचानक एयरपोर्ट पर रोक लिया गया और उनका पासपोर्ट जप्त कर लिया गया था। इसके बाद मेनका गांधी ने जो किया, वह न केवल भारत का इतिहास बन गया बल्कि उसके कारण भारत के संविधान में गोल्डन ट्रायंगल भी बना। मेनका गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 के तहत उनको जो मौलिक अधिकार प्राप्त है, एयरपोर्ट पर उनका उल्लंघन किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने उनके दावे को सही माना और यह तय किया कि आर्टिकल 14, 19, और 21 आपस में जुड़े हुए हैं, जो संविधान का 'गोल्डन ट्रायंगल' बनाते हैं।
इसके साथ ही भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 की व्यापक व्याख्या की गई। मेनका गांधी की याचिका के कारण सुप्रीम कोर्ट को अपने ही AK गोपालन बनाम स्टेट ऑफ़ मद्रास के फ़ैसले को पलटना पड़ा क्योंकि वह मौलिक अधिकारों की गलत व्याख्या कर रहा था और सरकार को मनमानी करने की अनुमति दे रहा था।

.webp)
