भोपाल, 23 नवम्बर 2026: मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान कर्मचारी चयन मंडल के नियम 49 के विवाद में नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे चयनित अभ्यर्थियों को अब शिवराज सिंह का आश्वासन मिल गया है। शिवराज सिंह ने कहा है कि वो जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करवा देंगे।
आपको नियुक्ति से वंचित नहीं होने देंगे
अभ्यर्थियों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शिक्षक भर्ती के चयनित शिक्षकों ने नियम 49 के तहत नियुक्ति देने के लिए देर रात पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात। पूर्व मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जी से वे स्वयं बात करके इस समस्या का समाधान निकलवाएंगे, आपको नियुक्ति से वंचित नहीं होने देंगे, आप चयनितों को नुकसान नहीं होने देंगे।
अभ्यर्थियों ने पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि अधिकतर आदिवासी छात्रों ने कड़ी मेहनत से पेपर में टॉप किया उसके बाद भी विभाग द्वारा निराकरण न करने से उनकी नियुक्ति नियमों के जाल में उलझी है। नियम 49 ने भर्ती के आवेदन में वेरिफिकेशन तक डीएलएड योग्यता को प्रस्तुत करने की अनुमति दी थी, उसी नियम से आवेदकों ने दस्तावेज सत्यापन के दौरान अपनी योग्यता प्रस्तुत भी कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा में प्रश्न लगाया है और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बयान भी दे दिया है कि वो मामले में लीगल एडवाइस ले रहे हैं। प्राथमिक शिक्षकों का क्लॉज़ 49 के तहत नियुक्ति का आंदोलन dpi परिसर के बाहर अभी भी जारी है।

