ऑनलाइन सर्विस से आयी नौकरानी पैसे लेकर फरार | CRIME NEWS

NEWS ROOM
ग्वालियर। नौकरानी की बुकिंग कर प्लेसमेंट सर्विस एजेंसी ने डॉक्टर से 26,500 रुपए एडवांस ले लिए। सर्विस के लिए भेजी महिला एक दिन ठहरी और दूसरे दिन गायब हो गई। नौकरानी के भागने के बाद डॉक्टर ने आधार कार्ड चेक कराया तो वह फर्जी निकला। जो पता लिखा था, वह भी नहीं मिला। इस पर प्लेसमेंट सर्विस के नंबर पर कॉल किया। यहां भी कॉल रिसीव नहीं हुआ। उनके एड्रेस का पता लगाया तो वहां भी कोई नहीं मिला। घटना अप्रैल 2018 की है। पीड़ित ने अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बाद महाराजपुरा थाने में शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद प्लेसमेंट सर्विस के संचालक व एक अज्ञात महिला पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित वायु नगर निवासी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया डॉक्टर हैं। मुरार बारादरी के पास उनका अस्पताल है। अप्रैल में उन्हें घर के काम के लिए एक नौकरानी की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने गूगल पर ऑनलाइन प्लेसमेंट सर्विस एजेंसियों को सर्च किया। जिसमें एक एजेंसी कोमल प्लेसमेंट सर्विस ने ग्वालियर में उनको एक नौकरानी देने के लिए डील की।

9 अप्रैल को एक महिला अपने साथ नौकरानी को लेकर डॉक्टर के घर पहुंची। महिला ने खुद को कोमल प्लेसमेंट सर्विस का कर्मचारी बताकर दूसरी महिला को उनके लिए चयनित नौकरानी बताया। उसका नाम पता बताकर आधार कार्ड की कॉपी भी डॉक्टर को दी। साथ ही अपने स्तर पर महिला का पूरा रिकॉर्ड चेक करने की जिम्मेदारी ली। फिर भी संबंधित थाने में महिला की सूचना देने को कहा। इस पर डॉक्टर को प्लेसमेंट सर्विस की कर्मचारी की बातों पर यकीन हो गया। महिला कर्मचारी ने 26,500 रुपए तय अनुसार मांगे। डॉक्टर ने एडवांस दे दिया। इसके बाद महिला कर्मचारी चली गई।

एक दिन काम करने के बाद नौकरानी बनकर आई महिला भी रात के समय गायब हो गई। जब उसका कुछ पता नहीं चला तो डॉक्टर ने उसके आधार कार्ड पर लिखे पते पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पता फर्जी निकला उस पते पर आधार कार्ड के नाम व चेहरे वाली कोई महिला नहीं रहती थी। डॉक्टर ने प्लेसमेंट सर्विस के उस नंबर पर कॉल किया, जिस पर लगातार बात हो रही थी। पर वह भी बंद निकला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। जिस पर मामला दर्ज किया गया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!