सीएम शिवराज से मिलने आईं लड़कियों का जेल में प्रेग्नेंसी टेस्ट कराया गया

भोपाल। लाल परेड ग्राउंड में सीएम शिवराज सिंह से मिलकर न्याय मांगने आईं मप्र पुलिस भर्ती प्रक्रिया से बाहर निकाली गईं महिला उम्मीदवारों को बीती रात पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत के बाद जेल से बाहर आईं महिला उम्मीदवारों ने बताया कि जेल में उनका प्रेग्नेंसी टेस्ट कराया गया और पुलिस ने अभद्रता की। बता दें कि जेल भेजी गईं महिला उम्मीदवार अपराधी नहीं थीं। वो केवल सीएम शिवराज सिंह को उनका वादा याद दिलाने आईं थीं।

लड़कियों ने आरोप लगाया कि ये सब मामा शिवराज के इशारे पर हुआ है। हमें पूरे शहर में घुमाया गया और फिर सेंट्रल जेल ले जाया गया, वहां हमारे साथ अभद्रता की गई। जेल में प्रेग्नेंसी टेस्ट हुआ, टेस्ट करने वाला जेल का कोई प्रोफेशनल डॉक्टर नहीं था। हमें मर्डरर महिला कैदियों के साथ रखा गया। आखिर हमारा प्रेग्नेसी टेस्ट किस नियम के आधार पर किया गया। हमारे कपड़े चेंज कराए गए।

इस वजह से प्रदर्शन कर रहीं हैं लड़कियां
पुलिस आरक्षक भर्ती में 3 सेंटी मीटर की छूट को लेकर लड़कियां धरना प्रदर्शन कर रही हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस में महिला उम्मीदवारों की भर्ती के लिए ऊंचाई में छूट देने की घोषणा की थी। कहा था कि इस भर्ती में महिलाओं को लंबाई में 3 से 4 सेंटी मीटर की छूट दी जाएगी। लिखित और शारीरिक परीक्षा पास कर लेने के बावजूद ऊंचाई कम होने के कारण प्रदेश की सैकड़ों लड़कियों को भर्ती से बाहर कर दिया गया। इसके विरोध में लड़कियों ने सीएम हाउस का घेराव किया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

सीएम के कार्यक्रम में किया था हंगामा
बुधवार को हुए लाल परेड मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के भाषण के दौरान लड़कियां यहां पहुंचीं और नारेबाजी करने लगीं। इस पर पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने के लिए पकड़ लिया। उन्हें गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल ले जाया गया। जहां उन्हें रात भर रखा गया।

महिला कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला
जिला महिला कांग्रेस ने जेल के सामने उग्र प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। महिला कांग्रेस ने महिला पुलिस आरक्षक अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी और जेल पहुंचाए जाने के विरोध में किया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष जितेन्द्र कसाना ने कहा कि जब तक महिला पुलिस अभ्यार्थियों को जेल से रिहा नही किया जाएगा। तब तक महिला कांग्रेस यहीं डटी रहेंगी।
देश और मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !