नई दिल्ली। मौसम विभाग ने भारत के 13 राज्यों में आंधी तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि दक्षिण पश्चिम मानसून अगले दो दिनों (6 जून तक) में महाराष्ट्र और गोवा पहुंच सकता है। इसके अलावा 6 से 10 जून के बीच मुंबई में भारी बारिश हो सकती है। यहां बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। इसीलिए लोगों को इस दौरान घरों में रहने की सलाह दी गई है। यदि अत्यावश्यक ना हो तो इस अवधि के बीच मुंबई ना जाएं। इससे पहले मुंबई में शनिवार आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हुई। बता दें कि मानसून इस बार तय वक्त से 3 दिन पहले 29 मई को केरल में दस्तक दे चुका है।
आज इन राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सोमवार को मध्य प्रदेश, प. बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र के विदर्भ-काेंकण, गोवा, तमिलनाडु, तेलंगाना, अंदरूनी कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। यूपी के रामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, बिजनौर, देवरिया और बलिया समेत कुछ जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट है। साथ ही तेलंगाना के दक्षिणी जिलों में अगले 48 घंटे के अंदर बारिश हो सकती है। एक दो जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कर्नाटक में झमाझम बारिश
कर्नाटक में सोमवार को तटीय और दक्षिण के भीतरी इलाके में बारिश हुई। बेंगलुरु में अगले दो दिनों में सामान्य बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य में मानसून-पूर्व बारिश औसत से 40% ज्यादा हुई है।
मुंबई में तीन दिन हो सकती है भारी बारिश
स्काईमेट के सीईओ जतिन सिंह ने कहा, ''इस हफ्ते 6 से 10 जून के बीच भारी बारिश का अनुमान है। 8, 9 और 10 जून को मुंबई में भारी से भारी बारिश हो सकती है। लोगों को इस दौरान घरों में रहने की सलाह दी गई है। एजेंसी के मुताबिक, कोंकण और गोवा के ऊपर चक्रवात बना हुआ है। जो महाराष्ट्र के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग और 10-11 जून को सूरत, वलसाड समेत दक्षिणी गुजरात के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
8 जून तक मानसून महाराष्ट्र-गोवा में फैल जाएगा
मौसम विभाग के मुताबिक, 6 जून से महाराष्ट्र और गोवा में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। 8 जून तक यह दोनों राज्यों में पूरी तरह से फैल जाएगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि 7 जून से केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण क्षेत्र, मुंबई और गोवा में भारी से भारी बारिश शुरू होगी। 10 जून तक इन इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
2 से 3 दिन में मानसून पूर्वोत्तर की ओर बढ़ेगा
मौसम विभाग ने कहा है कि अब तक तमिलनाडु, दक्षिण पश्चिम, मध्य पूर्व, बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश हो चुकी है। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के दक्षिणी प्रायद्वीप, बंगाल की खाड़ी, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र में बढ़ने के आसार हैं।