महाकौशल के दिग्गजों ने नए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह से किया किनारा | MP NEWS

जबलपुर। सांसद राकेश सिंह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। उनके समर्थकों को खास उत्साह है। प्रदेश भर में महाकौशल के चर्च हो रहे हैं परंतु महाकौशल के भीतर कुछ और ही चल रहा है। यहां भाजपा में सबकुछ ठीक नजर नहीं आया। राकेश सिंह के नगर आगमन पर भव्य स्वागत सत्कार आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं की फौज सड़कों पर नजर आई लेकिन महाकौशल के दिग्गज नजर नहीं आए। रेलवे स्टेशन पर राकेश सिंह की अगवानी के लिए केवल कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन पहुंचे, लेकिन राकेश सिंह के ट्रेन से उतरने से पहले ही वे वहां से निकल गए। स्थानीय नेता भी अपने-अपने गुटों के साथ अलग-थलग देखे गए। बीजेपी के वरिष्ठ नेता अजय विश्नोई, जालम सिंह, प्रह्लाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, जैसे महाकौशल के दिग्गज नेता राकेश सिंह के स्वागत रैली में शामिल नहीं हुए।

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राकेश सिंह के नगर आगमन पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मदन महल स्टेशन पर पहुंचे। मदन महल स्टेशन बीजेपी के कार्यकर्ताओं से भरा पड़ा था। कार्यकर्ता ढोल और नगाड़ों की धुन पर खुशी का इजहार करते दिख रहे थे।भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को भोपाल से ट्रेन द्वारा जबलपुर आ रहे थे लेकिन ट्रेन डेढ़ घंटे लेट थी। मदन महल स्टेशन पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मदन महल से राकेश सिंह के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली गयी।

सिर्फ ये नेता शामिल हुए
भाजपा द्वारा राकेश सिंह के स्वागत में निकाली गयी रैली में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे, मंत्री शरद जैन, विधायक सुशील तिवारी, अंचल सोनकर, अशोक रोहणी शामिल थे। 

यात्रियों की परेशानी का सबब बने राकेश सिंह
राकेश सिंह के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं ने 3 घंटे तक मदन महल स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाती रहे। कार्यकर्ताओं के रेलवे स्टेशन पर हजारों की संख्या में पहुंचने पर रेल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्मों पर रोकना पड़ा। यात्रियों को हमेशा बेहतर सुविधा देने की बात करने वाला रेलवे प्रशासन भी बीजेपी कार्यकर्ताओं के सामने नतमस्तक दिखाई दिया।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !