दिग्विजय सिंह नर्मदा परिक्रमा के बाद मप्र की राजनीति में वापसी करेंगे: गोविंद सिंह | MP NEWS

Updesh Awasthee
भोपाल। 14 साल से मध्यप्रदेश में वनवास झेल रही कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए लगातार छटपटा रही है। निकाय चुनाव के परिणाम पक्ष में आने के बाद कांग्रेस की ये उम्मीद और मजबूत हुई है। ऐसे में मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेता गोविंद सिंह ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में सूबे की सत्ता पर कांग्रेस का ही कब्जा होगा। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह का कहना है कि मप्र की जनता बीजेपी की योजनाओं से इतना परेशान हो चुकी है कि अब भाजपा को वोट नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह जो कहते हैं वह करते हैं, उन्होंने 10 साल प्रदेश की राजनीति से दूर रहने का वचन दिया था जिसे उन्होंने निभाया। अब उन्होंने वादा किया कि वे नर्मदा परिक्रमा करेंगे, तो राजनीति छोड़कर नर्मदा परिक्रमा में लगे हुए हैं। 

गोविंद सिंह ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा पूरी करने के बाद दिग्विजय सिंह सूबे की राजनीति में वापसी करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती और कांग्रेस को सत्ता दिलाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। आज किसान मजदूर व्यापारी सभी परेशान चल रहे हैं, यही वजह है कि प्रदेश का हर नागरिक भाजपा से बदला लेने के इंतजार में बैठा हुआ है। 

वहीं दिग्विजय सिंह के सीएम बनने की बात पर गोविंद सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह को मध्यप्रदेश में न तो चुनाव लड़ना है न ही उन्हें सत्ता की आकांक्षा है। दिग्विजय सिंह अपने वचन के पक्के हैं और पहले ही चुके हैं कि वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। वे कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं के साथ मिलकर भाजपा की सरकार को मध्य प्रदेश से हटाने का काम करेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!