विकास तो लंका में भी हुआ था, लेकिन अहंकार ने भस्म करवा दी: हार्दिक पटेल | NATIONAL NEWS

Updesh Awasthee
नई दिल्ली। पाटीदार नेता हार्दिक पटेल का कहना है कि विकास तो लंका में भी हुआ था लेकिन घमंड और अहंकार के कारण पूरी लंका जल गई थी। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव में दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को मतदान होना है, जिससे पहले आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। कैंपेन के आखिरी घंटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बाजी मारने की कोशिशों में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति के नेता हार्दिक पटेल ने एक बार फिर बीजेपी के विकास मॉडल पर तंज कसा है।

हार्दिक ने किया ट्वीट
एक तरफ पीएम मोदी ने अहमदाबाद में सी-प्लेन के जरिए यात्रा कर गुजरात के विकास मॉडल को दिखाने की कोशिश की, वहीं पाटीदार नेता ने इस विकास को लंका से जोड़ दिया। हार्दिक पटेल ने मोदी के सी-प्लेन में उड़ान भरने से पहले ट्वीट में लिखा, 'विकास तो लंका में भी हुआ था, लंका पूरी सोने की थी, लेकिन अहंकार और घमंड की वजह से पूरी लंका जल गई थी।

दरअसल, पीएम मोदी और बीजेपी सालों से गुजरात के विकास मॉडल को देश के सामने उदाहरण के तौर पर पेश करती रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी मोदी ने गुजरात के विकास को मुद्दा बनाया था लेकिन गुजरात में चल रहे विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस लगातार गुजरात के विकास को भ्रम बता रही है।

पीएम मोदी ने भी सोमवार को अपनी रैली में विकास के मुद्दे पर विरोधियों को जवाब दिया था. उन्होंने कहा था कि गुजरात का सीएम रहते हुए मैं हर साल कृषि महोत्सव आयोजित करता था जिसमें मुख्यमंत्री समेत पूरा सरकारी अमला गांवों में जाकर किसानों को आधुनिक तकनीक की जानकारी देता था। क्या यह अंबानी-अडाणी, टाटा-बिड़ला के लिए था या देश के गरीब किसानों के लिए था? साथ ही मोदी ने ये भी कहा था कि वो कल विकास की झलक दिखाएंगे। जिसके तहत मोदी ने मंगलवार सुबह साबरमती रिवर फ्रंट से सी-प्लेन के जरिए उड़ान भरी और विकास का नमूना दिखाने की कोशिश की।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!