SBI की असिस्टेंट मैनेजर तांत्रिक ठग का शिकार हो गईं

भोपाल। महिलाएं कितनी भी उच्च शिक्षित और प्रशासनिक पदों पर आरूढ़ क्यों ना हों उनका अपने परिवार के प्रति भावनात्मक लगाव उन्हे अक्सर ठगी का शिकार बना ही देता है। यहां भारतीय स्टेट बैंक की असिस्टेंट मैनेजर एवं ठेकेदार राजेन्द्र बत्रा की पत्नि रेणु बत्रा एवं उनकी सास तांत्रिक ठग का शिकार हो गई। शनि की शांति के नाम पर अनुष्ठान करने वाले तांत्रिक ठग ने घर में मौजूद सभी स्वर्ण आभूषणों पर हाथ साफ किए और चंपत हो गया। आभूषणों का मूल्य 4 लाख रुपए बताया जा रहा है। 

ई-4, अरेरा कॉलोनी निवासी रेणु बत्रा शाहपुरा एसबीआई में असिस्टेंट मैनेजर हैं, जबकि पति राजेंद्र बत्रा कांट्रैक्टर हैं। टीआई रवींद्र यादव के मुताबिक चार-पांच साल तक रेणु के घर पर शनि दान लेने के लिए एक युवक आता था। बीते दो साल से वह नहीं आ रहा था। करीब दो महीने पहले वह शनिवार के दिन घर आया। रेणु ने कहा कि इन दिनों वे काफी परेशान चल रही हैं। पति को डायबिटीज हो गई है, उनका स्वास्थ भी ठीक नहीं रहता। इस पर आरोपी ने कहा कि आपके घर पर शनिदेव का प्रकोप है। पूजा-अनुष्ठान करनी होगी तब कहीं जाकर ये बाधा दूर होगी। दो अगस्त को वह दोबारा आया और रेणु के घर पर अनुष्ठान शुरू कर दिया।

वह रोजाना सुबह दस बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक अनुष्ठान करता था। बुधवार को आया, तभी रेणु बैंक चली गईं। इस दौरान घर पर उनकी सास थीं। आरोपी ने उनकी सास से कहा कि घर में रखे जेवरों की शुद्धि करनी होगी। जेवर अपने सामने रखवाकर आरोपी ने रेणु की सास को आंखें बंद करने के लिए कहा। कुछ देर बाद उन्होंने आंखें खोलीं तो जालसाज गायब था।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी उनकी सास ने अपने बेटे और बहू को दी। शाम को पीड़िता थाने पहुंची और घटना के बारे में बताया। रेणु की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आस-पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। दावा है कि आरोपी के बारे में काफी जानकारी हाथ लग चुकी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।

अयोध्या नगर, हनुमानगंज में भी हो चुकी हैं वारदातें
हनुमानगंज और अयोध्या नगर थाना क्षेत्रों में भी जालसाज इस तरह से ठगी की वारदात कर चुके हैं। पांच दिन पहले अयोध्या नगर पुलिस ने इस जालसाज गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस तरह के जालसाजों से बचने की हिदायत भी जारी की है। पुलिस का कहना है कि बगैर मेहनत के मुनाफा देने का दावा और घर की परेशानी दूर करने के नाम पर जालसाजी करने वालों की सूचना पुलिस को जरूर दें।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !