DELHI: केंद्रीय विभागों में 35 नौकरशाहों की अदला बदली

नई दिल्ली। नौकरशाही में व्यापक स्तर पर हुए फेरबदल में 35 वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में सचिवों एवं अतिरिक्त सचिवों के तौर पर नियुक्त किया गया है। संयुक्त या अतिरिक्त सचिवों के तौर पर कार्यरत इनमें से अधिकतर अधिकारियों की या तो उसी विभाग में पदोन्नति की गई या उन्हें नए मंत्रालय में भेजा गया। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा शनिवार को जारी आदेश में कहा गया कि राजस्थान कैडर की 1985 बैच की आईएएस अधिकारी ऊषा शर्मा को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह इस समय प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) में अतिरिक्त सचिव हैं।

शर्मा के स्थान पर तेलंगाना कैडर की आईएएस अधिकारी वसुधा मिश्रा डीएआरपीजी में नई अतिरिक्त सचिव होंगी। दिल्ली विकास प्राधिकरण के मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज कुमार आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव का कार्यभार संभालेंगे।

वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव आलोक वर्धन चतुर्वेदी को विदेश व्यापार का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुनील कुमार को पदोन्नति दी गई है और उन्हें चतुर्वेदी के स्थान पर नियुक्त किया गया है।

अली रजा रिजवी को राष्ट्रीय खनिक विकास निगम का सीएमडी नामित किया गया है। वह इस समय वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव हैं। नरेंद्र नाथ सिन्हा को राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सिन्हा इस समय अपने कैडर राज्य झारखंड में सेवाएं दे रहे हैं। गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी राज कुमार कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नए महानिदेशक होंगे।

गुजरात कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी रामेश्वर प्रसाद गुप्ता को राष्ट्रीय वक्फ विकास निगम लिमिटेड (एनएडब्ल्यूएडीसीओ) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह अभी कोयला मंत्रालय में संयुक्त सचिव हैं। रवनीत कौर को भारत पर्यटन विकास निगम का सीएमडी नियुक्त किया गया है।

यहां उप निर्वाचन आयुक्त विजय कुमार देव राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु उद्यम विकास संस्थान के महानिदेशक होंगे। रक्षा मंत्रालय से जे राम कृष्ण राव राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सचिव होंगे। राव के स्थान पर जहाजरानी मंत्रालय में संयुक्त सचिव बरुन मित्रा रक्षा मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव होंगे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !