BHARTI HOSPITAL: नाले में मिले 19 लड़कियों के भ्रूण

Updesh Awasthee
SANGLI | जिले के महसाल गांव में रविवार को एक नाले के अंदर से 19 भ्रूण बरामद हुए। बच्चियों के भ्रूण को प्लास्टिक की थैलियों में पैक कर नाले में दबा दिया गया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक 26 वर्षीय महिला की अबॉर्शन के दौरान मौत हो गई। जिस महिला की मौत हुई वह तीसरी बार प्रेगनेंट थी और उसकी पहले से दो बेटियां थी। इस बार भी बेटी ही पैदा होने वाली थी। 

तीसरी बार जब महिला प्रेगनेंट हुई तो पति ने सांगली के भारती हॉस्पिटल में भ्रूण की जांच करवाई। पति के कहने पर हॉस्पिटल के डॉ. बाबा साहब खिंद्रापुरे ने अबार्शन की कोशिश की, जिसमें महिला की मौत हो गई। इसके बाद महिला के मायकेवालों ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने जांच शुरू की तो कोख में बच्चियों को मारने के इस खेल का खुलासा हुआ।

सांगली के एसपी दत्तात्रेय शिंदे ने बताया, “गांव के भारती हॉस्पिटल में महिलाओं का अबॉर्शन कर उनके भ्रूण को नाले में दबा दिया जाता था। यह खेल कई महीने से जारी था।”  “नाले में से 19 बच्चियों के भ्रूण बरामद हुए हैं। इन सभी को अबॉर्शन के बाद जानबूझ को यहां दबाया गया था।" 

पुलिस के मुताबिक हॉस्पिटल के डॉक्टर बाबा साहब खिंद्रापुरे के पास होमियोपैथी की डिग्री है, लेकिन उसके हॉस्पिटल में सर्जरी का पूरा सामान मौजूद है। हॉस्पिटल के डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल डॉक्टर बाबा साहब फरार है।

महाराष्ट्र में लिंगानुपात
2011 की जनगणना के मुताबिक, महाराष्ट्र में हर एक हजार पुरुषों पर 929 महिलाएं है। यह महिलाओं के नेशनल एवरेज के आंकड़े 940 से काफी कम है। 2001 में यह यह लिंगानुपात 1000 पुरुष पर सिर्फ 922 महिलाओं का था।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!