भोपाल में लघु वेतन कर्मचारी संघ ने किया प्रदर्शन, बेमुद्दत हड़ताल की धमकी

भोपाल। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को अपनी तेरह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इससे पहले भी कर्मचारी संघ ने छह चरणों में सरकार के खिलाफ आंदोलन किया था। जब छह चरणों के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो अब प्रदेश भर के संघ से जुड़े हुए कर्मचारी भोपाल के अंबेडकर पार्क में धरने पर बैठ गए।

समयमान वेतनमान और अनुकंपा नियुक्ति के आदेशों का क्रियान्वयन, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, ग्रेड पे 13 सौ से बढ़ाकर 18 सौ किए जाने सहित 13 सूत्रीय मांगों को लेकर मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने आज शुक्रवार को भोपाल के अंबेडकर मैदान में प्रदर्शन किया।

कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने कहा कि संघ ने अपनी मांगों को लेकर 20 जनवरी तक छह चरणों में विभिन्न स्तर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन आश्वासन देने के बाद भी शासन ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की। शर्मा ने कहा कि अगर संघ की मांगे नहीं मानी जाती है, तो फिर आने वाले दिनों में सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

विदित हो कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे है लेकिन अब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में एक बार फिर अपने मांगों को मनाने के लिए कर्मचारी धरने पर बैठ गए है और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दे रहे है। ऐसे में यह देखना होगा कि सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !