मप्र में बंटी-बबली की सरकार है, हम आए तो शिवराज को जेल भेजेंगे: कांग्रेस

भोपाल। शिवराज सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को बड़ा प्रदर्शन कर अपनी ताकत का एहसास करा दिया है। एक मंच पर इकट्ठा हुए कांग्रेसी दिग्गजों ने मंच से जहां शिवराज सरकार पर निशाना साधा, तो दूसरी ओर बड़े नेताओं ने एक आम कार्यकर्ता की तरह गिरफ्तारी देकर निराश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है।

कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी जैसे नेताओं ने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद शिवराज सरकार को चेतावनी भी दे दिया। व्यापमं घोटाला, बीजेपी का आईएसआई कनेक्शन, नर्मदा में रेत उत्खनन, पोषण आहार घोटाला जैसे कई मुद्दों पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने शिवराज सिंह और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। 

कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में गुमराह करने की राजनीति हो रही है। जनता इसे पहचान गयी है। अब जनता की इस आवाज को कांग्रेस उठाएगी। आनेवाले 18 महीने बाद चुनाव है। जनता की मदद से कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सरकार अपने आप को किसानों की सरकार कहती है। आज प्रदेश का किसान परेशान है, लेकिन किसानों को कोई मदद नहीं मिल पा रही है। 

उन्होंने व्यापमं घोटाला, कटनी हवाला कांड जैसे मुद्दे उठाते हुए कहा कि प्रदेश में चारों तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब जरुरत है कि गांव से लेकर शहर तक कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हो और जनता के लिए आंदोलन खड़ा करें। 

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए उन्हें प्रदेश सरकार को भ्रष्टाचार और माफियाओं को संरक्षण देने वाली सरकार बता डाला है। उन्होंने व्यापमं घोटाला, पोषण आहार घोटाला और नर्मदा उत्खनन का मामला उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के संरक्षण के चलते प्रदेश में माफिया और भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। सिंधिया ने कहा कि भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेस एकजुट है। मिशन-2018 की सफलता के लिए मिल कर काम करेंगे। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराजसिंह पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान और उनका परिवार व्यापमं, खनन और पोषण आहार घोटाले में शामिल है। मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो मुझ पर मानहानि का मुकदमा करें। उन्होनें कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हम आज शिवराज की पुलिस के डंडे खाने के लिए तैयार हैं। डरो मत, हम आपके साथ हैं।  

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में बंटी-बबली की सरकार है। यह आम जनता को चूना लगाने में जरा भी नहीं कतराती। यदि 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई, तो सीएम शिवराज सिंह चौहान को जेल भेजा जाएगा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार तेजी से हो रहा है। शिवराज सरकार एक दिखावटी कार्रवाई करते हुए छोटे रेत व्यापारियों पर गाज गिरा रही है।

हमेशा की तरह कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अनुशासनहीनता आज भी नजर आई। जब मंच पर कांग्रेस के दिग्गज नेता पहुंचे तो कमलनाथ और सिंधिया के समर्थकों ने मंच को घेर लिया। फिर, जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं की इस हरकत को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया मंच से कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढाते नजर आए। मंच पर मौजूद दूसरे नेता, कार्यकर्ताओं को हाथ जोड़कर मनाते दिखे। कार्यकर्ताओं की हकरतों से नाराज युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार ने कहा कि ऐसे कांग्रेसी कार्यकर्ता होते तो देश आज भी आजाद नहीं होता। उन्होंने कहा कि ऐसा देख कर भगत सिंह को भी शर्म आती।

हालांकि, कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। दिग्गज नेता पुलिस प्रशासन की तरफ से लगाए गए बैरीकेट्स पर चढ़कर प्रदर्शन करते नजर आए। गिरफ्तारी के लिए लायी गयी बस में ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी जैसे नेताओं ने ऊपर चढकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कई बार पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झडप की स्थिति बनी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बल पर पथराव भी किया, लेकिन पुलिस आज शांत नजर आई। कोई बड़ी प्रतिक्रिया पुलिस की तरफ से देखने को नहीं मिली। आमसभा के बाद कांग्रेसी विधानसभा का घेराव करने के लिए निकेल तो पुलिस के लगाए गए बैरीकेट्स हटाने की कोशिश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर फेंके गए। इस पत्थरबाजी में एक जवान घायल हुआ है। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने हल्का बल उपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया। पुलिस ने सभी दिग्गज नेताओं को गिरफ्तार कर नेहरू नगर पुलिस लाइन स्थित अस्थाई जेल पहुंचा दिया है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !