भोपाल। राजधानी में एक दिव्यांग की पत्नी को पड़ौसियों की गंदी हरकतों का शिकार होना पड़ रहा है। वो लोग आए दिन अश्लील हरकतें करते हैं। 9 साल की बेटी को लेकर फब्तियां कसते हैं। उनकी हिम्मत इतनी बढ़ गई कि 2 लोग घर में घुस आए। गंदी हरकतें करने लगे। विरोध किया तो मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए।
दामखेड़ा निवासी महिला ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में पहुंचकर महिला उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। शांतिबाई ने एडीएम दिशा नागवंशी को बताया कि पड़ोस में रहने वाले मोतीलाल और सरदार सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते 24 जनवरी को उनके साथ अश्लील हरकतें करते हुुए मारपीट की। शांति बाई ने बताया कि दोनों ने उनके कपड़े फाड़ दिए, लेकिन दौड़कर आए बहनोई ने बचा लिया।
दोनों ही आए दिन अश्लील हरकतें करते हैं। उनका रास्ता रोकते हैं। उसकी 9 साल की बेटी को लेकर भी फब्तियां कसते हैं। शिकायत दर्ज कराते हुए रोते-बिलखते शांतिबाई ने बताया कि उसके पति दिव्यांग हैं, पुलिस उनकी शिकायत नहीं दर्ज कर रही है। बेखौफ पड़ोसी आए दिन परेशान कर रहे हैं। एडीएम ने पुलिस अधीक्षक को मामला हस्तांतरित करते हुए कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं।