UP ELECTION: 10 में से 2 CM स्टार प्रचारक की लिस्ट में, बाकी गायब

नईदिल्ली। देश के करीब 10 राज्यों में भाजपा की सरकार है लेकिन यूपी चुनाव में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में केवल मप्र और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के नाम ही शामिल किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समतुल्य वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह, हरियाणा के सीएम मनोहरलाल खट्टर और गुजरात सीएम विजय रूपाणी जैसे नेताओं के नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट से गायब हैं। 

भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में जहां एक ओर योगी आदित्यनाथ को जगह दी गई है वहीं दूसरी ओर भाजपा सांसद वरुण गांधी को लिस्ट से बाहर रखा गया है। भाजपा की इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल है। लेकिन विनय कटियार, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी, लाल कृष्ण आडवाणी, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा और सुषमा स्वराज का नाम भी नहीं है। सुषमा स्वराज का नाम न होने का बड़ा कारण यह है कि इस समय उनका स्वास्थ्य कुछ गड़बड़ है। 

सूत्रों के अनुसार इस बार भाजपा के प्रचार में पीएम मोदी यूपी में 12 रैलियां कर सकते हैं। भाजपा की इस लिस्ट से वरुण गांधी का नाम गायब है, लेकिन उनकी मां मेनका गांधी का नाम शामिल है। इस लिस्ट में बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले और प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य का नाम भी शामिल है। 

इस लिस्ट में कुल 16 केन्द्रीय मंत्री शामिल हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में दो मुख्यमंत्रियों के नाम भी शामिल हैं, जो मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री शिवराज चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हैं। इस लिस्ट में वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का नाम भी शामिल है।
If you have any question, do a Google search

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!