
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इंदौर जिले की सांवेर तहसील के पटवारी लक्ष्मीनारायण यादव पर लोकायुक्त पुलिस ने छापे की कार्रवाई की थी। इस छापे में उनके निवास और कार्यालय से जब्त दस्तावेजों केआधार पर उनके पास उनकी घोषित आय से काफी अधिक सम्पत्ति मिली थी। उनके दस्तावेजों की जांच में राज्य सरकार को यह जानकारी मिली है कि यादव ने भ्रष्ट साधनों का इस्तेमाल कर अपनी आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित की है। अब उनके विरुद्ध विशेष न्यायालय अधिनियम के तहत विशेष न्यायालय में सुनवाई की जाएगी। इसके बाद उनकी सम्पत्ति राजसात की जाएगी। इसी तरह इंदौर के आदिम जाति कल्याण विभाग के मंडल संयोजक मनोहर सिंह चौहान के निवास और कार्यालय पर भी लोकायुक्त पुलिस ने कार्यवाही की थी।
इनके पास से जब्त सम्पत्ति और दस्तावेजों की छानबीन करने पर राज्य सरकार की राय है कि चौहान ने भ्रष्टाचार के जरिए आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित की है। इनके विरुद्ध विशेष न्यायालय में केस चलाकर इनकी सम्पत्ति राजसात की जाएगी।
डॉक्टर दंपति भी घेरे में
उज्जैन जिले के नागदा शासकीय चिकित्सालय में शल्य क्रिया चिकित्सक के पद पर कार्यरत डॉक्टर विनोद लहरी और विद्या लहरी के यहां भी लोकायुक्त पुलिस को करोड़ों रुपए की अनुपातहीन सम्पत्ति, जेवरात और नगदी, बैंक खातों में करोड़ों रुपए होने की जानकारी मिली थी। उनके विरुद्ध विशेष न्यायालय में केस चलाकर सुनवाई की जाएगी इसके बाद उनकी करोड़ों की सम्पत्ति राजसात करने की कार्रवाई राज्य सरकार करेगी।