नईदिल्ली। राजधानी के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में दीप विहार में रविवार सुबह दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के एक एएसआई व उसकी महिला मित्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों का शव प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया। हत्या इलाके में चलने वाले सट्टा व डांस से जुड़ी रकम के विवाद को लेकर की गई है। पुलिस ने इस मामले में देर शाम दो अरोपी युवकों को गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने का दावा भी किया है।
इलाके के डीसीपी एमएन तिवारी ने बताया कि आरोपियों से हुई पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है। वहीं उन्होंने महिला की हत्या का कारण एएसआई की हत्या का चश्मदीद होना बताया है। वारदात की जानकारी सुबह करीब पौने आठ बजे मिली। दोनों का शव दीप विहार स्थित सिंह प्रॉपर्टी के कार्यालय में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यालय के पीछे बने कमरे से दोनों का शव बरामद किया। मारे गए पुलिसकर्मी की पहचान दिल्ली पुलिस की पहली बटालियन में तैनात मुंडका निवासी 45 वर्षीय जोगिंदर लाकड़ा के तौर पर हुई है। जबकि महिला पूठकलां की रहने वाली थी।
पुलिसकर्मी को 5 महिला को 3 गोली
पुलिस के मुताबिक जोगिंदर को पेट व ठूडी समेत शरीर के कुल पांच जगहों पर गोली मारी गई थी जबकि महिला उसकी महिला मित्र के सिर और पेट में तीन गोली मारी गई । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि जिस जगह पर लाश मिली यह प्रॉपर्टी जोगिंदर की थी और उसने बलविंदर सिंह नाम के प्रॉपर्टी डीलर को किराये पर दे रखा था।
मुंडका में रहता है पुलिसकर्मी का परिवार
पुलिसकर्मी जोगिंदर का परिवार मुंडका में रहता है। उसके परिवार में पत्नी बच्चे, भाई व पिता जय नारायण हैं। जोगिंदर इससे पूर्व रोहिणी के क्राइम ब्रांच में तैनात था। पुलिस को जानकारी मिली कि जोगिंदर प्रॉपर्टी समेत अन्य कारोबार में लिप्त था। उसका कुछ दिन पहले सट्टा का कारोबार करने वाले रोहिणी सेक्टर -16 निवासी जीत दहिया से रुपये की लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था।
देर शाम पकड़ा हमलावर आरोपियों को
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी जीत दहिया व उसके साथी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। जीत दहिया ने पूछताछ में बताया कि जोगिंदर डांस व सट्टा कारोबार में उसका पाटर्नर था। उसका जोगिंदर से रुपये की लेन-देन को विवाद हुआ था तो उसने जोगिंदर को ठिकाने लगाने की साजिश रची। वह अपने साथी के साथ शनिवार रात सिंह प्रॉपर्टी पर पहुंचा। जहां उसने जोगिंदर की गोली मारकर हत्या दी। महिला उसे पहचानती थी, इस कारण उसकी भी हत्या दी गई।