बेटा मां का गला घोंट रहा था, बहू मजे से वीडियो बनाती रही

मुंबई। अंधेरी इलाके में रहने वाले एक कलयुगी बेटे ने अपनी 80 वर्षीय मां की बुरी तरह से पिटाई की। जिस दौरान बेटा मां को बांधकर पीट रहा था, उसकी पत्नी इसका पूरा वीडियो बना रही थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। 

अंधेरी की रहने वाली 80 वर्षीय इस महिला का अपने बेटे और बेटी से संपत्ति का विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, महिला के पास मुंबई में पांच फ्लैट हैं। उसका बेटा और बेटी उसे हड़पना चाहते थे। इसी विवाद में आरोपी बेटे ने अपनी मां की बुरी तरह से पिटाई की और उसकी जान लेने की कोशिश की। आरोपी की पत्नी द्वारा तैयार वीडियो में महिला की पिटाई और उसे मारने की पूरी घटना कैद हुई है। इस वीडियो में लड़का अपनी मां के गले में कपड़ा बांध कर उसे पीट रहा है। बचने के लिए मां बीच-बीच में हाथ चलाती नजर आ रही है।

बेटा पत्नी से चाकू लाकर मां के पेट में घोंपने के लिए कहता है और पत्नी हंसते हुए वीडियो बना रही है। वीडियो के बीच में शख्स अपनी बेटी को भी पीटने के लिए बुलाता है। साथ ही मां के पेट में चाकू घोंपने के लिए कहता है। कमरे के अंदर पंखे से एक कपड़ा लटका नजर आता है, माना जा रहा है कि आरोपी का प्लान मां को इससे लटकाने का भी था।

एनजीओ की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मोबाइल फोन से तैयार यह वीडियो एक एनजीओ के पास पहुंचा और उन्होंने डीएन नगर पुलिस स्टेशन में बेटे और बहू के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी सुरेंद्र सत्तार वैद्य, उसकी पत्नी और बहन के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 352, 336, 506 (2अ), 504 और 34 के तहत मामला दर्ज किया। बुधवार को आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, फिलहाल उसकी पत्नी और बहन फरार हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !