इंदौर में बदचलन मां ने कराई बेटे की हत्या

इंदौर
। यहां एक महिला के प्रेमी ने उसके बेटे की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि बेटे ने दोनों को रंगरेलियां मनाते देख लिया था। महिला ने अपने बेटे को काफी समझाया कि वो इस अवैध रिश्ते को स्वीकार कर ले, लेकिन जब बेटे ने मां की बात नहीं मानी तो महिला के प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी। 

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शनिवार को इंडस्ट्री हाउस के पीछे देवनगर में 15 वर्षीय लड़के पंकज पिता रामपाल करोड़े का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उन्हें पंकज का शव कचरे के ढेर में पड़ा मिला, जिसे गद्दे और रजाई से छुपाने की कोशिश की गई थी।

मामले में जब मृतक के पिता रामपाल के बयान लिए गए तो उन्होंने बताया कि वो शहर से बाहर गए हुए थे और शनिवार को जब वापस लौटे तो उन्हें घर पर बेटा नहीं मिला। वहीं जब लड़के की मां बेबीबाई से सवाल किए गए तो उसने पुलिस को बताया कि वो जब घर के पीछे कचरा फेंकने आई तो उसे झाड़ियों में एक लाश पड़ी मिली, जो उसके बेटे की निकली। बयान लेने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि पंकज का अंकित नाम के शख्स से झगड़ा चलता था और वो कई बार किशोर को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।

इस आधार पर जब पुलिस ने अंकित को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ। अंकित ने पुलिस को बताया कि उसके और पंकज की मां बेबीबाई के बीच अवैध संबंध थे। शुक्रवार को पंकज अचानक घर लौटा और उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद उसने झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान आक्रोशित होकर अंकित ने पंकज का गला घोंटकर उसकी जान ले ली। 

वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर में रखे गद्दे और रजाई में पंकज का शरीर लपेटकर पीछे कचरे में फेंक दिया। उसने बताया कि ये पूरी घटना बेबीबाई के सामने ही हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने बेबीबाई को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अपने बेटे पंकज को खोने के बाद से पिता रामपाल का रो-रोकर बुरा हाल है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !