जबलपुर। आजादी का जोश-जुनून और जश्न क्या होता है, यह देखना हो, महूसस करना हो तो यहां आना होगा। यह ऐसा पल होता है, जिसमें यहां के युवा उफनती नर्मदा में दस किलोमीटर तक तिरंगा लेकर तैरते हैं। ऐसा जश्न दुनिया में किसी देश में नहीं मनाया जाता है।
ये सभी युवा जबलपुर के ग्वारीघाट से तिरंगा लेकर निकलते हैं और तिलवारा घाट तक तैरते हुए जाते हैं। तैरने के दौरान तिरंगा एकबार भी नहीं झुकता। तैरते हुए भी सभी भारत माता के जयकारे लगाते रहते हैं।
इन दिनों जबलपुर के आसपास जमकर बारिश हो रही है, जिसके चलते नर्मदा पूरे उफान पर है, लेकिन फिर भी इन तैराकों का आत्मविश्वास नहीं डिगा। तैराकी यात्रा में साठ साल के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहते हैं। ये सभी बिना किसी लाइव सपोर्ट के तैरते हैं।
जबलपुर में स्वतंत्रता दिवस के एकदिन पहले यह अखंड भारत यात्रा निकाली जाती है। बीते कई सालों से यह यात्रा निकाली जा रही है। हर साल इसका कारवां बढ़ता ही जा रहा है। साथ ही सभी नर्मदा की सफाई का संदेश भी देते हैं।