Modi Cabinet: दागियों की संख्या 24 हुई, औसत संपत्ति 13 करोड़

नई दिल्ली। मोदी मंत्रिपरिषद में हाल के विस्तार के साथ ही करोड़पति मंत्रियों की संख्या बढ़कर 72 हो गयी है, जबकि घोषित आपराधिक मामलों का सामना कर रहे मंत्रियों की संख्या 24 हो गयी है। पिछले हफ्ते 19 नये मंत्री मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए थे, जबकि पांच हटाए गए थे। अब मंत्रिपरिषद में 78 मंत्री हैं।

दिल्ली के थिंकटैंक एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफोर्म्स (एडीआर) के मुताबिक मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए नये मंत्रियों की औसत संपत्ति 8.73 करोड़ रूपये की है, जबकि मंत्रियों की पूरी परिषद की औसत संपत्ति 12.94 करोड़ रूपये की है।

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, नये मंत्रियों में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य एमजे अकबर के पास सर्वाधिक 44.90 करोड़ रूपये की घोषित संपत्ति है। दूसरे नंबर पर पीपी चौधरी (35.35 करोड़ रूपये) और तीसरे नंबर पर विजय गोयल (29.97 करोड़ रूपये) हैं, दोनों राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।

एक करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति वाले नये मंत्रियों में रमेश जिगाजीनागी, पुरूषोत्तम रूपाला, अनुप्रिया सिंह पटेल, महेंद्र नाथ, फग्गन सिंह कुलस्ते, राजेन गोहैन, एस एस अहलुवालिया, अजरुन राम मेघवाल, सी आर चौधरी, मनसुखभाई लक्ष्मणभाई मडांविया और कृष्णा राज शामिल हैं। 

एडीआर के अनुसार, 78 केंद्रीय मंत्रियों में नौ मंत्रियों ने उनके पास 30 करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति होने की घोषणा की है, जिनमें वित्त मंत्री अरूण जेटली (113 करोड़ रूपये), खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल (108 करोड़ रूपये) और बिजली मंत्री पीयूष गोयल,  वेदप्रकाश आदि शामिल हैं। 

नये मंत्रियों में पर्यावरण मंत्री एवं मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य अनिल माधव दवे के पास सबसे 60.97 लाख रूपये की संपत्ति है। कुल छह मंत्रियों ने घोषणा की कि उनके पास एक करोड़ रूपये से कम की संपत्ति है।

नये मंत्रियों में सात ने घोषणा की है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। ऐसे में 78 सदस्यीय मंत्रिपरिषद में ऐसे मंत्रियों की संख्या 24 है।

जहां तक मंत्रियों की उम्र की बात है तो इस अध्ययन में कहा गया है कि तीन की उम्र 31 और 40 साल के बीच है, 44 मंत्री 41 और 60 साल के बीच के हैं तथा 31 मंत्री 61 और 80 साल के बीच हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!