भोपाल। शनिवार रात 9:30 बजे दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआई 438 के इंजन में उड़ान के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। इस फ्लाइट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह भी थे। वे चीन यात्रा पर जाने के लिए दिल्ली जा रहे थे।
क्रू मेंबर्स समय रहते ही खराबी को भांप गए और एटीसी को सूचना देकर प्लेन लैंड कराने की अनुमति ली। प्लेन में खराबी के बाद सीएम चार्टर प्लेन से दिल्ली गए। फ्लाइट में सीएम के अलावा करीब 100 यात्री थी। उन्हें होटलों में ठहराया गया।
एअर इंडिया के एरिया मैनेजर मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ विश्रुत आचार्य ने फ्लाइट के ग्राउंड होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को सुबह दूसरी फ्लाइट से रवाना किया जाएगा। दिसंबर से अब तक एअर इंडिया की फ्लाइट में आधा दर्जन बार तकनीकी खराबी हो चुकी हैं।